जमानत मिलेगी या फिर रहेंगे जेल में बंद? उमर खालिद और शरजील इमाम की याचिका पर आज SC में सुनवाई
शरजील इमाम और उमर खालिद ने सुप्रीम कोर्ट में दायर अपनी याचिकाओं में जमानत की मांग की है, जिसको लेकर आज सुनवाई की जाएगी. इससे पहले कोर्ट ने दिल्ली दंगों के मामले में उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
Supreme Court Of India: सुप्रीम कोर्ट आज बुधवार ( 25 नवंबर 2026) को जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम की अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करेगा. इन याचिकाओं में दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें साल 2020 के दिल्ली दंगों के मामले में उनकी जमानत याचिकाओं को खारिज कर दिया गया था.
सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ उमर खालिद और शरजील इमाम की याचिकाओं पर सुनवाई करेगी.
उमर-खालिद शर्जील इमाम पर लगा UAPA
यह मामला फरवरी साल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई सांप्रदायिक हिंसा के पीछे कथित बड़ी साजिश से जुड़ा है. इस हिंसा में 53 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे. इस मामले में उमर खालिद और शरजील इमाम समेत कई लोगों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. दोनों कई सालों से जेल में बंद हैं. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस प्रतिभा एम सिंह और जस्टिस दिनेश भट्ट की खंडपीठ ने अपने फैसले में दोनों की अपील खारिज कर दी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका
ये अपीलें ट्रायल कोर्ट के 4 जुलाई 2026 के उन आदेशों के खिलाफ दाखिल की गई थीं, जिनमें नियमित जमानत देने से इनकार किया गया था. हाईकोर्ट ने कहा था कि इस साल जनवरी में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पिछली जमानत याचिकाएं खारिज करते हुए जो विशेष शर्तें और राहत के लिए सीमाएं तय की थीं, उनमें निचली अदालत बदलाव नहीं कर सकती.
सुप्रीम ने दी दोबारा आवेदन करने की छूट
सुप्रीम कोर्ट ने 5 जनवरी 2026 को उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करते हुए उन्हें दोबारा आवेदन करने की छूट दी थी. कोर्ट ने कहा था कि अभियोजन पक्ष के जिन संरक्षित गवाहों पर भरोसा किया गया है, उनकी गवाही पूरी होने के बाद या आदेश की तारीख से एक साल पूरा होने पर, जो भी पहले हो, वे फिर से जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद दोनों ट्रायल कोर्ट गए थे. ( इनपुट- IANS)