राहुल गांधी को 'सुप्रीम' राहत, ED-CBI नहीं करेगी आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच; हाईकोर्ट फिर होगी सुनवाई
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. SC ने CBI और ED को कांग्रेस नेता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने के हाईकोर्ट के आदेश को खारिज कर दिया है.
सुप्रीम कोर्ट से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है. शीर्ष न्यायालय ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को खारिज कर दिया है, जिसमें CBI और ED को कांग्रेस नेता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया गया था. मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों वाली याचिका को नए सिरे से विचार करने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट के पास वापस भेज दिया है.
दरअसल, सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठे ने इस मामले में सुनवाई की और फिर से इस आदेश पर नए सिरे से विचार करने के लिए याचिका को हाईकोर्ट भेज दिया.
हाईकोर्ट ने क्या दिया था आदेश?
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केंद्रीय जांच एजेंसियों को आदेश दिया था कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर लगे आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करें. इस संबंध में हाईकोर्ट ने आदेश भी जारी किया था. इसी आदेश को कांग्रेस नेता ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. अब मामले की सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इसपर नए सिरे से विचार करने को कहा है.
बता दें कि इस मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष न्यायालय ने याचिका की सुनवाई करते हुए कार्यवाही का ऑडियो बंद कर दिया था. मामले के शिकायतकर्ता विग्नेश शिशिर भी आदालत के सामने पेश हुए थे. उनके व्यक्तिगत रूप से कोर्ट के सामने पेश होने के वजह से सुनवाई की ऑडियो-वीडियो बंद कर दी गई थी.
क्या-क्या हुआ?
गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट से कहा था कि वह आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई को रोक दे. इसके अलावा कोर्ट ने सीबीआई और ED को भी निर्देश दिया था कि वे राहुल गांधी के खिलाफ इस मामले में हाई कोर्ट के आदेशों के तहत कोई रिपोर्ट दाखिल न करें.
हालिया सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा था कि सीबीआई की ओर से दाखिल हलफनामा उसके पिछले आदेश के अनुरूप नहीं है. इसमें याचिकाकर्ता की ओर से राहुल गांधी की संपत्ति को लेकर की गई शिकायत पर अब तक हुई प्रगति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी. वहीं, बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नई दिल्ली स्थित CBI के अधिकारी से कहा था कि वे खुद न्यायालय के सामने पेश हों और मामले में हुई जांच की प्रगति के बारे में जानकारी दें.
यह भी पढ़ें: '16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर होगा भारत का कब्जा', शुभेंदु अधिकारी के मंत्री का बड़ा दावा; बदला लेने की कसम भी खाई
यह भी पढ़ें: उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से झटका, खारिज हुई जमानत याचिका