'24 घंटे हो गए, डरिए मत...मोहन भागवत को जज बना लीजिए', राहुल ने फिर याद दिलाया PM मोदी को डिबेट वाला चैलेंज
राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को डिबेट के लिए बुलाया है. विदेशी ताकतों से रिश्तों के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी 24 घंटे हो गए हैं मैंने आपको चैलेंज दिया था.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक बार फिर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को अपना पिछला चैलेंज याद दिलाया है. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा,'24 घंटे हो गए मोदी जी. मैंने आपको चैलेंज दिया है. आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है. किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ. देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत.'
राहुल ने पोस्ट में आगे लिखा,'दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा. जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो. मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो और फिर डिबेट करते हैं. सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, US डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडानी का केस बंद क्यों हुआ, एप्स्टीन - ऐसी बहुत सारी चीजें हैं, जिसपे खुलकर डिस्कशन होगा.'
हाथ में गुलाब लेकर कहा- हैप्पी दिवाली मोदी जी
राहुल ने आगे कहा,'आ जाइए, डरिए मत. दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए. आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ हो जाएगा. बाकी चीजों पे आपने डिफेमेशन केस लगा रखा है, शायद 45 केस मेरे ऊपर हैं. मगर इस डिबेट मामले पर, विदेशी कनेक्शन पर आप मानहानि नहीं लगा रहे हो. लगाइए ना, वहां भी डिस्कस करेंगे, खुल के, ये सब डिस्कस करते हैं, आइए.' राहुल गांधी ने अपने वीडियो संदेश के दौरान अपने हाथों में गुलाब का फूल लिया हुआ था और आखिर में उन्होंने पीएम मोदी को हैप्पी दिवाली भी कहा.
पीएम मोदी ने विपक्ष पर विदेशी संबंधों के लगाए आरोप
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर बाधाएं पैदा करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा कि ये ताकतें देश को बांटने की साजिशों में लगातार लगी हुई हैं. भारत माता के बच्चों के बीच फूट डालने और कलह भड़काने के लिए घिनौनी साजिशें रची जा रही हैं. एक दशक से ज्यादा समय से चली आ रही हताशा और निराशा से प्रेरित होकर ये लोग अब खुलकर सामने आ गए हैं. विदेश में कौन किससे खुफिया तरीके से मिल रहा है? कौन-सी भारत-विरोधी ताकतें उनका समर्थन कर रही हैं? कौन भारत के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है? हमें इन सभी बातों को समझना होगा. हमें एकजुट होकर इनका सामना करना होगा.' पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
राहुल गांधी ने पीएम को किया चैलेंज
पीएम मोदी की इस टिप्पणी के बाद राहुल गांधी ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,'मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए. आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं. आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है. विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है. मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए. आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं.'
संसद चलने तो हम हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं: अमित शाह
दूसरी तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने INDIA गठबंधन की तरफ से आयोजित की गई 'मॉक पार्लियामेंट' को लेकर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने मॉक संसद के नाम पर नाटक किया है. छत्तीसगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा,'राहुल जी, नरेंद्र मोदी सरकार हर इश्यू पर चर्चा के लिए तैयार है. पार्लियामेंट चलने दो, हम स्पेशल सेशन बुलाकर SIR पर चर्चा के लिए तैयार है. हिम्मत है तो देश की जनता के सामने चर्चा करके दिखाइए. हाथ में संविधान लेकर घूमने से संविधान का समर्थन नहीं होता.'