'भारत बस तमाशा देख रहा...', पाकिस्तान को लेकर मोदी सरकार पर भड़के राहुल गांधी, विदेश नीति पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि मुझे काफी हैरानी है कि पाकिस्तान इन दिनों ईरानियों और अमेरिकियों के साथ बातचीत करने में व्यस्त है और भारत बस देखता रह गया. उन्होंने कहा कि हमारी अपनी आवाज और अपना नजरिया है, लेकिन वह नजरिया कहीं दिखाई नहीं दे रहा.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं. अमेरिका में राहुल गांधी ने शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद किया. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की विदेश नीति पर जमकर निशाना साधा. मोदी सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य बड़ी तेजी के साथ बदल रहा है, लेकिन भारत सरकार की इससे बेखबर है. उन्होंने कहा कि मुझे काफी हैरानी है कि पाकिस्तान इन दिनों ईरानियों और अमेरिकियों के साथ बातचीत करने में व्यस्त है और भारत बस देखता रह गया. नेता प्रतिपक्ष ने भारत की विदेश नीति को प्रधानमंत्री मोदी की निजी दोस्ती तक ही सीमित बताया.
विदेश नीति पर मोदी सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में विदेश नीति के नाम पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जैसे वैश्विक नेताओं के साथ निजी संबंध ही बचा है. कांग्रेस नेता ने कहा कि दोस्ती इतनी अहम नहीं है. अहम बात यह है कि आप समझें कि दुनिया में चल क्या रहा है. उस स्थिति में आप कौन हैं और आपकी जगह कहां है? राहुल ने आगे कहा कि मुझे मोदी जी या अन्य नेताओं की दोस्ती से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन क्या आपको लगता है कि ग्लोबल पॉलिटिक्स इसलिए काम करेगी, क्योंकि वह व्यक्ति आपका दोस्त है? दोस्ती की परवाह किसे है?
'भारत सिर्फ साइड प्लेयर बनकर रह गया'
कांग्रेस नेता ने कहा कि आजादी के समय से ही भारत की ग्लोबल पॉलिटिक्स समझ काफी गहरी रही है. हमारी अपनी स्वतंत्र सोच थी. हमारी विदेश नीति इस बात से तय होती थी कि भारत के लिए क्या फायदेमंद है. उन्होंने कहा कि हमें अपने इतिहास और अपने रिश्तों को देखते हुए इन वैश्विक चर्चाओं में शामिल होना चाहिए, लेकिन सच कहूं तो भारत अब बस एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है. उन्होंने कहा कि हम मुख्य मंच से पीछे हट गए हैं. हमारी अपनी आवाज और अपना नजरिया है, लेकिन वह नजरिया कहीं दिखाई नहीं दे रहा.
उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का पश्चिमी देशों ने सुरक्षा ढांचा तैयार किया था. भविष्य का वैश्विक ढांचा कई अलग-अलग सभ्यताओं के मेल से बनेगा. 1.5 अरब लोगों वाले देश के रूप में, हमें इस ढांचे को आकार देने में मदद करनी चाहिए.
राहुल के बयान पर भड़की बीजेपी
उधर, राहुल गांधी के बयान की बीजेपी ने कड़ी निंदा की. बीजेपी ने राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि विदेशी धरती पर भारत के खिलाफ इस तरह के बयान देना बेहद शर्मनाक है. बीजेपी ने कहा कि कोई भी सच्चा भारतीय अपने देश के खिलाफ ऐसी बातें कभी नहीं कहेगा.
ये भी पढ़ें- 'गाली देने से देश आगे नहीं बढ़ता, सबको चोर मानना बंद करें', PM मोदी ने राहुल गांधी को दिया जवाब