SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नए खुले शोरूम में 15 दिन में ही हो गई पंद्रह करोड़ के जेवरात की चोरी, 5 किलो सोने के साथ मशहूर यूट्यूबर अरेस्ट; बॉयफ्रेंड फरार

तमिलनाडु के मदुरै में एक नया गोल्ड शोरूम खुला. लेकिन 15 दिन बाद ही उसमें करीब 15 करोड़ रुपये के सोने-चांदी की चोरी हो गई. पुलिस ने इस मामले में मशहूर यूट्यूबर मीनाक्षी को अरेस्ट किया है.

Written By Devinder Kumar
Published: Nov 14, 2026, 21:30 IST | Updated: Nov 14, 2026, 21:36 IST
Image Credit: मदुरै मे गोल्ड शोरूम में चोरी की आरोपी मीनाक्षी और बॉयफ्रेंड निशांत
Join

तमिलनाडु के मदुरै में हुई करीब 15 करोड़ रुपये के हीरे और सोने की चोरी का खुलासा हो गया है. इस घटना को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनाक्षी और उसके बॉयफ्रेंड निशांत ने अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर मीनाक्षी को अरेस्ट कर लिया है. उसकी सोशल मीडिया पर काफी बड़ी फैन फॉलोइंग है.उसके कब्जे से करीब 5 किलो सोना-चांदी और जेवरात बरामद हुए हैं. वहीं उसका बॉयफ्रेंड निशांत फरार है. उस पर दबाव बनाने के लिए पुलिस निशांत के पिता सुरेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

नया खुला था शोरूम, 15 दिन में ही 15 करोड़ के जेवरात हुए चोरी

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने यह वारदात मदुरै में खुले एक नए गोल्ड शोरूम में 11 नवंबर की रात को की थी. इस शोरूम का उद्घाटन 14 अक्टूबर को हुआ था. अभी लोगों ने उस शोरूम के बारे में थोड़ा-बहुत जानना ही शुरू किया था कि महज 15 दिनों के भीतर इतनी बड़ी चोरी हो गई.

पुलिस के मुताबिक, 12 नवंबर को जब शोरूम के कर्मचारी काम पर पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला. पड़ताल में पता चला कि शोरूम से करीब 11.465 किलोग्राम सोने और हीरे के आभूषण चोरी हो चुके थे. इसके तुरंत बाद पुलिस को चोरी की सूचना दी गई. करीब 15 करोड़ रुपये के जेवरात की चोरी का पता चलते ही पुलिस-प्रशासन की सांस फूल गई. चोरों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया.

पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज तो मिल गया क्लू

शोरूम के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पता चला कि दुकान के पास लिफ्ट लगाने का काम चल रहा था. एक नकाबपोश लुटेरा उसी लिफ्ट शाफ्ट के पास बने रास्ते से शोरूम के अंदर दाखिल हुआ था. इमारत में घुसने के लिए उसने लिफ्ट के काम के लिए लगाई गई रस्सी का इस्तेमाल किया था.

ये भी पढ़ें- पूर्व जस्टिस सीएस कर्णन का 71 साल की उम्र में निधन, सिटिंग जज रहते हुए काटनी पड़ी थी जेल की सजा

पहले पुलिस को लगा कि इस घटना को शायद एक चोर ने ही अंजाम दिया है. लेकिन चोरी की रकम को देखते हुए पुलिस को अपनी इस थ्योरी में चूक नजर आ रही थी. इसीलिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए उन लोगों की पड़ताल शुरू की, जिन्होंने हाल में शोरूम का दौरा किया था. इनमें शोरूम के पूर्व कर्मचारी, निर्माण करने वाले मिस्त्री, इंटीरियर डेकोरेशन से जुड़े लोग और लिफ्ट लगाने के काम में लगे कर्मचारी शामिल थे.

यूट्यूबर मीनाक्षी अरेस्ट, 5 किलो जेवरात बरामद

इसके साथ ही, रात 2 बजे से तड़के 4 बजे के बीच उस इलाके से गुजरने वाले वाहनों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी. इन तरीकों के अलावा मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया. आखिरकार पुलिस को कामयाबी मिल ही गई और उसे चोरी के असली आरोपियों का सुराग मिल गया.

सारे सबूत मिलने के बाद उसने यूट्यूबर मीनाक्षी को अरेस्ट कर लिया. उसके कब्जे से सोने-चांदी के करीब 5 किलो जेवरात बरामद हुए. जबकि उसका प्रेमी निशांत अभी फरार है. उसके शहर से बाहर भागने की आशंका को देखते हुए रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर निगरानी बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही, रिश्तेदारों के घर दबिश डालकर उन्हें उठाया जा रहा है. माना जा रहा है कि जल्द ही उसे भी अरेस्ट कर लिया जाएगा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES