दो दिन पहले ही गार्ड ने दिया था धक्का, अब PM मोदी ने नीतीश के बेटे निशांत के गाल थपथपाए, वीडियो वायरल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में भरे मंच पर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को गले लगाया. इसके बाद जब निशांत ने पीएम के पांव छुए तो उन्होंने गाल पर थपथपाकर आशीर्वाद भी दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी 21 नवंबर को बिहार का दौरे पर 5500 करोड़ रुपये की लागत से बने 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया. यह पुल 9.76 किलोमीटर लंबा और छह लेन वाला है. पटना में कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदूपुर से जोड़ने वाला यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, यात्रा को आसान करेगा और क्षेत्रीय परिवहन को बढ़ावा देगा. उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को सभी संबोधित किया है. जिसके आखिर में कुछ ऐसा देखने को मिला, जो आम तौर पर बहुत कम होता है.
दरअसल, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना भाषण खत्म करके नेताओं से मिल रहे थे, तो इसी दौरान वो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार से रुककर मिले. इसी दौरान निशांत कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के पांव भी छुए. ऐसा करता देख प्रधानमंत्री मोदी का रिएक्शन काफी दिलचस्प था. प्रधानमंत्री मोदी ने निशांत के गाल पर हाथ रखकर थपथपाया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी का यह रिएक्शन इसलिए भी वायरल हो रहा है, क्योंकि दो दिन पहले ही एक वीडियो ऐसे भी सामने आया था, जिसमें निशांत कुमार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गार्ड ने धक्का देने का दावा किया गया था. इस वीडियो पर इतनी चर्चा होने लगी कि खुद सुरक्षाकर्मी यानी स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) को सामने आकर सफाई देनी पड़ी.
वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) की तरफ से बयान जारी किया गया. इसमें कहा गया कि सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल के जवानों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है. इस घटना की जांच कराई गई. जांच में सामने आया कि सुरक्षाकर्मी द्वारा सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के मुताबिक काम करने के दौरान मानवीय भूल की वजह से यह घटना हुई.
नीतीश सेतु क्या है
'नीतीश सेतु' की खासियत सिर्फ इसकी लंबाई नहीं, बल्कि रणनीतिक स्थान भी है. गंगा नदी उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच एक बड़ी प्राकृतिक बाधा रही है. ऐसे में यह पुल दोनों क्षेत्रों के बीच आवाजाही के लिए एक अतिरिक्त रास्ता उपलब्ध कराता है. इससे पटना और उत्तर बिहार के बीच सफर आसान होगा. कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामान की आवाजाही आसान होगी. इससे बाजारों और व्यापारिक केंद्रों तक पहुंच बेहतर हो सकती है.