चेन्नई को 13000 करोड़ का तोहफा: पीएम मोदी बोले- 'तमिलनाडु में दिखती है नए भारत की झलक'
11 अक्टूबर को पीएम मोदी ने चेन्नई में 13,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का इनॉगरेशन किया. जिसके बाद उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में नए भारत की झलक दिखती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु के दौरे पर हैं. चेन्नई को उन्होंने 13,000 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स की सौगात दी. इस दौरान पीएम ने अपने भाषण में कहा, 'मंदिरों से लेकर आधुनिक मेट्रो तक, तमिलनाडु में नए भारत की शानदार झलक दिखती है.' 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी पहली बार चेन्नई पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री विजय के साथ नए मेट्रो रूट की सवारी की और इस दौरान खुद ही टिकट खरीदा.
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, 'देश को मजबूत बनाने के लिए राज्यों को मजबूत करना जरूरी है, इसलिए केंद्र सरकार तमिलनाडु जैसे राज्यों में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दे रही है. ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों से तमिलनाडु को भी फायदा हो रहा है.'
पूनमल्ली-वडापालानी रूट का उद्घाटन
दरअसल, पीएम मोदी ने चेन्नई में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज-2 के तहत 14.6 किलोमीटर लंबे पूनमल्ली-वडापालानी रूट का उद्घाटन किया है. पहले उन्होंने हरी झंडी दिखाई और फिर खुद मेट्रो में ट्रेवल किया. उनके साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय भी रहे. दोनों नेताओं की बातचीत हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं.
'आज तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक दिन'
पूनमल्ली-वडापालानी रूट का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने कहा, 'आज तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक दिन है. आज के कार्यक्रम में 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं. हम कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की आधारशिला रख रहे हैं. इनमें से कुछ परियोजनाएं रोजमर्रा की आवाजाही को आसान बनाएंगी, जबकि कुछ उद्योग और व्यापार को मजबूती देंगी. ये सभी मिलकर पूरे तमिलनाडु के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेंगी.'
पीएम मोदी ने तमिलनाडु को लेकर बताया अपना विजन
पीएम मोदी ने भाषण के दौरान तमिलनाडु को लेकर अपना पुराना एक्सपीरियंस शेयर किया. उन्होंने कहा, 'एक CM के तौर पर मुझे करुणानिधि और जयललिता से बातचीत करने के कई मौके मिले. जब मैं प्रधानमंत्री बना, तो मुझे जयललिता, ओ पन्नीरसेल्वम, ई पलानीस्वामी और एमके स्टालिन के साथ काम करने का मौका मिला. सरकारें बदलती रहीं, लेकिन तमिलनाडु को डेवलप करने और यहां के लोगों की सेवा करने का मेरा इरादा है और हम CM जोसेफ विजय के साथ इस सफर को आगे बढ़ा रहे हैं.'
'आज देश के 25 शहरों में मेट्रो चल रही है'
पीएम मोदी ने बताया कि परिवहन व्यवस्था को बेहतर करने के लिए सिर्फ सड़कों का चौड़ीकरण काफी नहीं है, आधुनिक शहरों के लिए हर तरह के बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी है. इसी सोच के साथ हमने पिछले एक दशक में देशभर में मेट्रो कनेक्टिविटी का विस्तार करने पर फोकस किया है. साल 2014 में देश के सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन आज देश के 25 शहरों में मेट्रो चल रही है.
पानी के प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय दर्जा देने की मांग
सीएम विजय ने कार्यक्रम में सबसे पहले पीएम मोदी का स्वागत किया. उन्होंने कहा, 'तमिलनाडु के लोगों की ओर से, मैं प्रधानमंत्री का दिल से स्वागत करता हूं और चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट फेज-2 के उद्घाटन और अलग-अलग इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन, शिलान्यास और आधारशिला रखने के लिए धन्यवाद देता हूं.'
सीएम विजय ने आगे कहा, 'मैं केंद्रीय बजट 2026 में बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई के बीच दो हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं. इन प्रोजेक्ट्स से इस क्षेत्र को जरूर फायदा होगा." विजय ने कहा, 'गोदावरी-कावेरी लिंकेज प्रोजेक्ट दक्षिणी राज्यों में पानी के संसाधनों को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मौका है. मैं भारत सरकार से अनुरोध करता हूं कि इसे प्राथमिकता दें और इसे एक नेशनल प्रोजेक्ट के तौर पर लें.'
चेन्नई में सुरक्षा बेहद सख्त
पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर चेन्नई में सुरक्षा सख्त है. पूरे शहर में 5 लेयर की सिक्योरिटी लगाई गई है. करीब 15,000 पुलिसकर्मी और अधिकारी ड्यूटी पर तैनात हैं. खासकर चेन्नई एयरपोर्ट, पोरूर बाईपास मेट्रो स्टेशन, आईआईटी मद्रास, चेन्नई ट्रेड सेंटर और गिंडी राजभवन जैसे संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है.