)
PM Modi Chennai Visit: पीएम मोदी आज रविवार ( 11 अक्टूबर 2026) को चेन्नई के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने चेन्नई मेट्रो के फेज 2 प्रोजेक्ट के 14.6 किलोमीटर लंबे पूनमल्ली-वडापालानी रूट समेत कई 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने उनका एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया.
सीएम विजय ने पीएम मोदी से हाथ मिलाया और उन्हें एक गुल्दस्ता भी भेंट किया. पीएम सुबह लगभग 11 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे. इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट के पास कुछ देर रोड शो कर समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ मिलाकर अभिवादन किया.
पीएम मोदी ने चेन्नई दौरे पर मेट्रो प्रोजेक्ट के पूनमल्ली-वडापालानी रूट पर यात्रा भी की. इस दौरान उनके साथ सीएम विजय मौजूद थे. पीएम मोदी इस रूट पर पूनमल्ली से पोरुर तक ट्रेन यात्रा भी करेंगे. इस मेट्रो में तकरीबन 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. यह तकरीबन 15 किलोमीटर लंबा पूरी तरह से एलिवेटेड रूट है. वहीं, इस कॉरिडोर-4 के रूट पर कुल 11 स्टेशन हैं.
चेन्नई में पीएम मोदी के दौरे से पहले की क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाई गई. वहीं, ग्रेटर चेन्नई पुलिस की ओर से गिंडी, कोट्टूरपुरम, पोरूर और मीनंबक्कम के आसपास के क्षेत्रों कोस रेड जोन घोषित किया गया है. बता दें कि पीएम मोदी का साल 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद चेन्नई में यह पहला दौरा है.
चेन्नई दौरे में पीएम मोदी ने सबसे पहले ब्रिटिश काल के वेल्लोर कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन का वर्चुअली उद्घाटन किया. यह स्टेशन वेल्लोर शहर में स्थित 16वीं सदी के किले के पास बना है. इसकी बहाली के बाद लंबी दूरी तक यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. इस स्टेशन पर नया एंट्री गेट, रेस्टिंग एरिया, साफ पानी, दिव्यांग यात्रियों के लिए और सोलर एनर्जी जैसी फैसिलिटी जोड़ी गई हैं. वहीं, इसमें ब्रिटिशकाल की भव्यता और वास्तुकला को सहेजा गया है.
पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए चेन्नई में फाइव टियर टाइट सिक्योरिटी रिंग बनाई गई. वहीं, शहर की सिक्योरिटी के लिए 15,000 पुलिस जवान और आला अधिकारी तैनात किए गए. चेन्नई एयरपोर्ट से लेकर IIT मद्रास, गिंडी राजभवन, चेन्नई ट्रेड सेंटर और पोरूर बाईपास मेट्रो स्टेशन जैसे इलाकों में भी सख्त पहरेदारी की गई. इस दौरान शहर भर में चेकिंग अभियान भी चलाया गया.
बता दें कि पीएम मोदी तमिलनाडु में लगभग 3,700 करोड़ रुपये के नेशनल हाईवे की आधारशिला रखेंगे और कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भी करेंगे. इन प्रोजेक्ट्स से तमिलनाडु में रोड कनेक्टिविटी बेहतर होगी, ट्रैवलिंग टाइम कम होगा और शहरों में ट्रैफिक जाम को घटाने में भी मदद मिलेगी. बेहतर रोड नेटवर्क से राज्य में व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा. उम्मीद जताई जा रही है कि इससे तमिलनाडु में आर्थिक तरक्की को गति मिल सकती है.