SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ब्रह्मोस का बजा बिगुल, भारत का डिफेंस सिस्टम बना ग्लोबल! इन देसी हथियारों पर आया फिलीपींस का दिल

फिलीपींस का लगातार चीन के साथ विवाद बढ़ता जा रहा है. ऐसे में वह खुद को मजबूत करने की कवायद में जुटा है. ब्रह्मोस के बाद अब उसकी नजर भारत के आकाश मिसाइल डिफेंस सिस्टम और पिनाका पर है.

Written By Rachit Kumar
Published: Nov 19, 2026, 13:35 IST | Updated: Nov 19, 2026, 13:39 IST
Image Credit: ब्रह्मोस समेत अन्य भारतीय हथियारों का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है.
Join

डिफेंस सेक्टर में भारत की पहचान अब सिर्फ खरीदार की नहीं, बल्कि भरोसेमंद साझेदार और निर्यातक की बन रही है.दक्षिण चीन सागर की चुनौतियों के बीच फिलीपींस के साथ बढ़ता रक्षा सहयोग इस बदलाव की बड़ी मिसाल है, जहां ब्रह्मोस से आगे निकलकर नए सिस्टम और साझा निर्माण की बातें तेज हैं. दुनिया के कई और देश भी भारतीय तकनीक पर भरोसा जता रहे हैं.

दशकों तक रक्षा जरूरतों के लिए विदेशों पर निर्भर रहने वाला भारत अब खुद एक भरोसेमंद डिफेंस एक्सपोर्टर के रूप में सामने आ रहा है.स्वदेशी तकनीक, लागत के लिहाज से किफायती प्रणाली और मैदान में साबित हुई मारक क्षमता ने दुनिया भर के देशों का ध्यान खींचा है.

खुद को ताकतवर करने में जुटा फिलीपींस

इस बदलती तस्वीर में फिलीपींस एक अहम कड़ी है.दक्षिण चीन सागर में चीन की आक्रामक गतिविधियों के बीच फिलीपींस अपनी समुद्री और हवाई सुरक्षा को मजबूत करने में जुटा है, क्योंकि चीन दक्षिण चीन सागर के बड़े हिस्से पर दावा कर रहा है.

फिलीपींस और चीन के बीच स्कारबोरो शोल और स्प्रैटली द्वीपों पर हक की लड़ाई छिड़ी हुई है.कई बार फिलीपींस के आर्थिक क्षेत्र में चीनी घुसपैठ का आरोप लगा है. तेल, गैस और मछली पकड़ने के अधिकारों पर विवाद चल रहा है.इसी वजह से फिलीपींस चीन से निपटने के लिए अपनी ताकत बढ़ाने में जुटा है, और इसके लिए उसकी पहली पसंद बन रहा है मेड इन इंडिया डिफेंस सिस्टम.

फिलीपींस ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का पहला विदेशी खरीदार रहा. शुरुआती तीन बैटरियों के प्रदर्शन से संतुष्ट होने के बाद अब फिलीपींस कम से कम 6 और ब्रह्मोस बैटरियां खरीदने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

ब्रह्मोस की 6 बैटरियां,आकाश-पिनाका पर भी नजर

लेकिन बात यहीं नहीं रुकती. अब फिलीपींस की दिलचस्पी भारत के दो और अहम सिस्टम में बढ़ी है. ये हैं आकाश एयर डिफेंस सिस्टम और पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर.

आकाश स्वदेशी मिसाइल डिफेंस सिस्टम फाइटर जेट, क्रूज मिसाइल और ड्रोन जैसे हवाई खतरों से निपटने में सक्षम है. फिलीपींस अपनी सेनाओं की हवाई सुरक्षा पुख्ता करने के लिए इसकी पांच से ज्यादा रेजिमेंट्स पर विचार कर रहा है.

कम समय में ताबड़तोड़ रॉकेट दागने की क्षमता रखता वाला पिनाका सिस्टम, जमीनी लक्ष्यों और बंकरों को निशाना बनाने के लिए जाना जाता है.फिलीपींस अपनी थल सेना की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए इसकी कई बैटरियों को लेकर गंभीरता से चर्चा कर रहा है.

भारत और फिलीपींस के बीच ये सहयोग अब सिर्फ खरीद-फरोख्त तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रोडक्शन और रणनीतिक साझेदारी की ओर बढ़ रहा है. भारतीय रक्षा कंपनी एमकेयू के साथ लगभग 1,400 करोड़ रुपये के ऑर्डर के तहत बुलेटप्रूफ जैकेट की सप्लाई और स्थानीय स्तर पर निर्माण की पहल, दोनों देशों के बीच औद्योगिक साझेदारी को दर्शाती है.

हेलीकॉप्टर डील पर भी बातचीत जारी

इसके अलावा, हेलीकॉप्टर डील पर भी शुरुआती बातचीत जारी है. वहीं अंतरिक्ष सहयोग के तहत भारत ने फिलीपींस में ऑब्जर्वेशन स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है, जिससे भारतीय सैटेलाइट डेटा के जरिए समुद्री निगरानी को और मजबूती मिल सकती है.

रक्षा निर्यात के मोर्चे पर भारत का दायरा सिर्फ फिलीपींस तक सीमित नहीं है. आर्मेनिया ने आकाश और पिनाका समेत कई रक्षा प्रणालियों को लेकर करार किए हैं. वियतनाम और इंडोनेशिया भी ब्रह्मोस और समुद्री सुरक्षा से जुड़े समाधानों पर बातचीत कर रहे हैं. इसके अलावा अफ्रीकी और लैटिन अमेरिकी देशों में भी भारत के हथियारों में दिलचस्पी ले रहे हैं.

बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच भारत की रक्षा कूटनीति एक नए दौर में प्रवेश कर चुकी है. स्वदेशी तकनीक और रणनीतिक भरोसे के सहारे भारत आज न केवल अपनी सुरक्षा को मजबूत कर रहा है, बल्कि साझेदार देशों की रक्षा जरूरतों में भी एक अहम भूमिका निभा रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES