SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पंचकूला के स्कूल में मासूम से बर्बरता: स्कूल मैनेजमेंट पर FIR दर्ज, DCP बोलीं- बर्दाश्त नहीं होगी लापरवाही

पंचकूला स्कूल कांड में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. इस मामले में स्कूल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे थे.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 31, 2026, 08:24 PM IST | Updated: Oct 31, 2026, 09:00 PM IST
Image Credit: पंचकूला स्कूल कांड में पुलिस का एक्शन...
Join

पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित संस्कृति स्कूल इस वक्त चर्चा में है. यहां केजी की छात्रा से तीसरी के छात्र द्वारा बर्बर मारपीट ने हर किसी को हैरान कर दिया है. मारपीट का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में आ गई है. पुलिस ने स्कूल प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

डीसीपी अदिति सिंह के मुताबिक, पुलिस की प्राथमिक जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही साफ तौर पर उजागर हुई है. डीसीपी अदिति सिंह ने स्पष्ट किया कि घटना के वक्त मौजूद स्टाफ, सुरक्षाकर्मियों और मैनेजमेंट की जवाबदेही तय की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और सख्त कदम उठाए जाएंगे.

सुरक्षा और निगरानी पर खड़े हुए गंभीर सवाल

इस घटना ने स्कूल कैंपस में बच्चों की सुरक्षा और स्टाफ द्वारा की जाने वाली निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जब क्लासरूम के भीतर यह भयानक वारदात हो रही थी, तब बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक और अन्य अटेंडेंट कहां थे? बच्ची के साथ इतनी देर तक लगातार बर्बरता होती रही, लेकिन स्कूल स्टाफ ने समय रहते दखल क्यों नहीं दिया?

सीसीटीवी में कैद हुआ 96 सेकेंड का खौफनाक सच

इस मामले में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई बर्बरता का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो रोंगटे खड़े कर देने वाला है. वीडियो में दिख रहा है कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 8 साल के एक छात्र ने केजी में पढ़ने वाली 6 साल की मासूम पर अचानक हमला किया.

बेंच पर पटका, पेट और चेहरे पर बरसाए लात-घूंसे

वीडियो में दिख रहा है कि सबसे पहले उसने मासूम बच्ची को पकड़कर क्लासरूम की बेंच पर सिर के बल दो बार पटका और फिर उसने बच्ची के बाल पकड़े और उसे बेरहमी से जमीन पर घसीटकर पटक दिया. बच्ची जैसे ही जमीन पर गिरी फिर आरोपी छात्र ने उसके चेहरे और पेट पर ताबड़तोड़ लात-घूंसे मारे. बच्ची ने कुल 19 बार लात-घूंसों के वार झेले.

क्लासरूम में ईंट से किए ताबड़तोड़ वार

घायल बच्ची जब दर्द से तड़पते हुए उठने की कोशिश करती है, तो छात्र क्लास के दूसरे कोने से एक ईंट उठा लाया और उसने वो ईंट सीधे बच्ची के चेहरे पर फेंककर मारी और सिर पर लगातार हमला करता रहा. मासूम अपना सिर पकड़कर चीखती और रोती रही.

हमले के बाद आराम से निकल गया छात्र

आरोपी ने बच्ची के बाल पकड़कर उसे दोबारा जमीन पर पटका, उसके पेट पर पैर रखकर दो बार लातें मारीं. वीडियो के आखिर में छात्र ने फिर से बच्ची के सिर पर ईंट से वार किया और सिर पर तीन लातें मारकर आराम से वहां से निकल गया.

पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है बच्ची का इलाज

मासूम बच्ची पर ईंट से 12 बार और पैरों से 19 दफा हमला किए जाने की इस खौफनाक वारदात ने हर किसी को गुस्से से भर दिया है. मासूम बच्ची के परिजनों में भारी आक्रोश है. फिलहाल बच्ची का PGI चंडीगढ़ में इलाज जारी है और वो खतरे से बाहर बताई जा रही है.

मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया

आरोपी छात्र नाबालिग है, इसलिए पुलिस अब डॉक्टरों और साइकोलॉजिस्ट्स की मदद ले रही है. इधर, पंचकूला के सरकारी स्कूल में बच्ची के साथ हुई दरिंदगी पर हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने भी संज्ञान लिया है. आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा का कहना है कि वे इस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल करेंगे. दूसरी ओर, बच्ची के घरवाले स्कूल प्रशासन पर भड़के हुए हैं. उनका आरोप है कि यह सब स्कूल की लापरवाही से हुआ है, मामले पर लीपापोती की जा रही है और डर के मारे बाकी बच्चों का भी बुरा हाल है.

ये भी पढ़ें: पंचकूला स्कूल केस: ह्यूमन राइट कमीशन की टीम मौके पर पहुंची, वहां क्या-क्या मिला?
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES