SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ऑपरेशन 'काला पानी': हैंडपंप से निकल रहा 'जहर'... बीमारियों का अड्डा बने 20 गांव, जी मीडिया की ग्राउंड जीरो रिपोर्ट

ZEE MEDIA ने 'ऑपरेशन काला पानी' के तहत यह ग्राउंड जीरो रिपोर्ट पेश की है. रिपोर्ट में देखिए कैसे उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला में स्थित जुबिलेंट इंग्रेविया की केमिकल फैक्ट्री लोगों को कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां बांट रही है....

Written By Bhoopendra Rai
Published: Nov 12, 2026, 07:13 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 07:21 PM IST
Image Credit: 'ऑपरेशन काला पानी'....
Join

जब भी किसी इलाके में कोई बड़ी फैक्ट्री लगती है, तो माना जाता है कि वो फैक्ट्री तरक्की और खुशहाली लाएगी, लोगों को रोजगार मिलेगा, लेकिन उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला में सालों से चल रही एक केमिकल फैक्ट्री इन दिनों खौफ का दूसरा नाम बन चुकी है. इस फैक्ट्री की वजह से दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है. ये आरोप ग्रामीणों ने लगाया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषण ने यहां की हवा और जमीन के पानी को जहरीला बना दिया है.

स्थानीय लोगों का दावा है कि इस प्रदूषण की वजह से इलाके में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियां फैल रही हैं और कई घरों में मौतें तक हो चुकी हैं. ZEE MEDIA की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने 'ऑपरेशन काला पानी' के तहत ग्राउंड जीरो पर जाकर इस पूरे मामले की पड़ताल की.

7 साल में एक ही परिवार में 7 मौतें

आलम ये है कि करीब-करीब इलाके का हर दूसरा घर बीमार लोगों का ठिकाना बन गया है. एक स्थानीय निवासी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, 'मेरे पापा खत्म हो गए, मेरी मम्मी खत्म हो गई. पानी की वजह से कैंसर हो गया उनको. परिवार में सारे लोग बीमार हैं.'

एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया, 'ये सब जुबिलेंट फैक्ट्री की वजह से है, क्योंकि इसने पानी गंदा कर दिया. किसी को कैंसर है, किसी को टीबी है. सब लोग इसी तरीके से मरे. छोटे-छोटे 3 भाई थे, खत्म हो गए. भाई की बहू खत्म हो गई. एक भतीजा खत्म हो गया. एक लड़की खत्म हो गई. मेरे पापा खत्म हो गए, मेरी मम्मी खत्म हो गई. हमारे परिवार में 7 साल में 7 मौत हो गईं.' 

पीड़ित परिवार का दावा है कि इन सभी मौतों की जिम्मेदार जुबिलेंट इंग्रेविया की फैक्ट्री है. इस परिवार का घर फैक्ट्री से महज 100 मीटर की दूरी पर है, जहां दिन-रात सांस लेना और जमीन का पानी पीना दूभर हो गया है.

हैंडपंप से निकल रहा 'काला पानी'

जब जी मीडिया ने ग्राउंड जीरो की पड़ताल की तो गांवों में जितने हैंडपंप हैं, उनसे उतने ही अलग-अलग रंगों का गंदा और काला पानी निकला. सिर्फ गांव वाले ही नहीं, बल्कि फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी भी इससे अछूते नहीं हैं. एक कर्मचारी ने बताया, 'आंखों में दिक्कत है, पानी में दिक्कत है, सब कुछ दिक्कत है. हर एक चीज की दिक्कत है.'

स्थानीय डॉक्टर डी. एस. हर्ष का भी कहना है कि यह पूरा इलाका फेफड़े, सांस और आंखों की बीमारियों का गढ़ बन गया है. उनके पास अलग अलग बीमारियों का इलाज कराने लोग पहुंच रहे हैं.

क्या बनाती है यह फैक्ट्री?

अमरोहा के गजरौला में मौजूद इस फैक्ट्री का नाम जुबिलेंट इंग्रेविया लिमिटेड है. यहां कंपनी का एक बड़ा इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स है, जिसमें स्पेशलिटी केमिकल्स और केमिकल इंटरमीडिएट्स का उत्पादन होता है. आसान भाषा में समझें तो यहां ऐसे औद्योगिक रसायन तैयार होते हैं, जिनकी हैंडलिंग और वेस्ट मैनेजमेंट के लिए बेहद कठोर सुरक्षा मानकों की जरूरत होती है.

20 से ज्यादा गांव के लोग पीला पानी पीने को मजबूर

आसपास के ग्रामीण फैक्ट्री से निकलने वाली गैस, दुर्गंध और पानी की खराब गुणवत्ता को लेकर बरसों से शिकायत कर रहे हैं.  जुबिलेंट फैक्ट्री के आसपास 20 से ज्यादा गांव बसे हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मार नाईपुरा, सवाजपुर डोर, सादेलापुर, बसेली और तिगरिया गांव झेल रहे हैं.  खराब पानी की वजह से इन गांवों के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन के नीचे का पानी पूरी तरह दूषित हो चुका है और हैंडपंप से काला पानी निकल रहा है. जिसने भी मजबूरी में यह पानी पिया, वह किसी न किसी बीमारी की चपेट में आ गया.

एक स्थानीय बुजुर्ग महिला ने बेबसी जताते हुए कहा, 'इसका पानी बिल्कुल पीला है और पानी पीकर तकलीफ भी होती है. क्या करें मजदूर हैं, गरीब आदमी हैं.'

एक अन्य स्थानीय महिला ने कहा, 'बीमारी इसी से हो रही है. कैंसर और पथरी इसी से हो रही है, हर तरह की बीमारी चल रही है. इसमें फैक्ट्री का पानी आ रहा है, जिसे पीकर सभी बीमार पड़ रहे हैं. पेट में दर्द हो रहा है, आंखों से दिखाई देना बंद हो रहा है और आंखों में भी दिक्कत हो रही है.'

लैब टेस्ट से खुलेगा प्रदूषण का सच

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जब से यहां फैक्ट्री लगी है, उनका इलाका बीमारियों का अड्डा बन गया है. लोगों के इन दावों की सच्चाई जांचने के लिए ZEE MEDIA संवाददाता बृजेश तिवारी ने रियलिटी चेक किया और गांव के हैंडपंपों से पानी के अलग-अलग सैंपल बोतल में भरकर जांच के लिए लैब भेजे हैं. अगली रिपोर्ट में हम आपको दिखाएंगे कि लैब की जांच रिपोर्ट में क्या चौंकाने वाले खुलासे हुए और कैसे गजरौला की इस फैक्ट्री के आसपास बसे गांव बीमारियों की चपेट में आ गए.

ये भी पढ़ें: अकेली उड़ान पर निकली थी महिला पायलट, रनवे पर पहुंचते ही बिगड़ा खेल, हार्ड लैंडिंग से मचा हड़कंप

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES