मोहाली के बलोंगी में नशे का खौफनाक जाल: 17 साल के नाबालिग को 'चिट्टे' की लत, दोस्तों की मौत देखकर 'दिलजले' ने बदली जिंदगी
आज के आर्टिकल में मोहाली के बलोंगी से ZEE मीडिया की खास ग्राउंड रिपोर्ट पढ़ें, जहां बचपन किताबों के बजाय 'चिट्टे' की सिरिंज और नशे के इंजेक्शन थाम रहा है.
ZEE मीडिया के नशा मुक्त भारत अभियान में आज हम आपको एक ऐसी तस्वीर दिखाने जा रहे हैं, जो किसी भी माता-पिता की नींद उड़ा सकती है. जिस उम्र में बच्चों के हाथों में स्कूल का बस्ता, किताबें और पेन-पेंसिल होनी चाहिए, उस कच्ची उम्र में बच्चे नशे की सिरिंज और इंजेक्शन थाम रहे हैं. चंडीगढ़ से सटे मोहाली के बलोंगी इलाके में ZEE मीडिया की टीम ने जब पड़ताल की तो सामने आया कि कैसे चिट्टे यानी हेरोइन और मेडिकल नशे का जहर गलियों में आसानी से पहुंच रहा है.
बलोंगी की संकरी गलियों में जी मीडिया की टीम को 17 साल का नाबालिग मिला, जिसे चिट्टे के इंजेक्शन की लत लग गई है. हमें 22 साल का एक और युवक मिला, जिसके फेफड़ों में नशे की वजह से पानी भर चुका है और बेबस मां खुद बेटे को नशे के पैसे देने को मजबूर है. इसी बस्ती में 25 साल का युवक भी मिला, जिसने नशे के लिए चाकू की नोक पर लूटपाट तक की, लेकिन वह अब हिम्मत दिखाकर नशे की अंधी गलियों से बाहर निकल आया है. बचपन को निगलते नशे के इस जाल से समाज को सावधान करने वाली यह ग्राउंड रिपोर्ट देखनी चाहिए.
पढ़ने-लिखने की उम्र में नशे की गोलियों की लत
चंडीगढ़ से कुछ किलोमीटर दूर मोहाली के बलोंगी में नशे की यही कहानी गली-गली में दिखाई देती है. यहां कुछ युवाओं का बचपन और जवानी चिट्टे की पुड़िया और नशे के इंजेक्शन में बर्बाद हो रही है. हमारी मुलाकात 17 साल के इस नाबालिग से हुई. इसने हमारे कैमरे के आगे कान पकड़कर कसम ली कि वह अब नशा नहीं करेगा, लेकिन इसकी हालत बता रही है कि यह अब भी नशे में है. उम्र पढ़ने-लिखने और सपने देखने की है, लेकिन नशे की गोलियां उसकी जिंदगी का हिस्सा बन चुकी हैं.
नशे के लिए मां से मारपीट
बलोंगी में एक और युवक नशे की ऐसी ही गिरफ्त में है. उम्र 22 साल है. पिता नहीं हैं, मां बीमार हैं और छोटे भाई-बहन कचरा बीनकर घर चलाते हैं. नशे की तलब में वह मां के साथ मारपीट तक करता है. हालत यह है कि बेटे की हिंसा से बचने के लिए मां को ही उसे नशे के पैसे देने पड़ते हैं.
दोस्तों की मौत देखकर दिलजले ने बदली जिंदगी
इसी बलोंगी में एक कहानी ऐसी भी है, जो बताती है कि नशे से वापसी मुमकिन है. 25 साल के एक युवक को 18 साल की उम्र में हेरोइन की लत लगी. नशे के लिए उसने चाकू दिखाकर लोगों से मोबाइल और पैसे तक छीने. मां का निधन हुआ, घर बिखर गया, लेकिन दोस्तों को नशे से मरते देखकर उसने अपनी जिंदगी बदलने का फैसला किया. आज उसका खुद का कारोबार है. उसका नाम दिलजले है. दिलजले नशे से बाहर निकल आया, लेकिन बलोंगी में कितने ही युवा अब भी जिंदगी और मौत के बीच फंसे हैं.
ये भी पढ़ें: नशे की लत ने उजाड़ दी स्टेट लेवल खिलाड़ी की दुनिया...ड्रग्स के लिए खून तक बेचा, झकझोर देगी उपेंद्र सेंगर की कहानी