'वो तड़पती रही, सब देखते रहे...,' छेड़छाड़ के बाद ट्रेन से गिरने वाली युवती के मंगेतर का दर्दनाक बयान, दरिंदे का विरोध करने पर गंवाया हाथ
मुंबई के लोकल ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक हैवान ने चलती ट्रेन से 20 साल की लड़की को धक्का दे दिया. इस घटना में युवती का बायां हाथ कट गया. उसके मंगेतर का आरोप है कि काफी खून बहने के बावजूद युवती की मदद के लिए कोई नहीं आया.
Mumbai Local Train: मुंबई में बीते दिनों नायगांव स्टेशन पर एक 20 साल की युवती के साथ छेड़छाड़ की गई, जिसका विरोध करने पर आरोपी ने उसे ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया. इस घटना के बाद युवती का बायां हाथ काटना पड़ॉा. घटना 4 नवंबर 2026 की बताई जा रही है, जब विरार जाने वाली लोकल ट्रेन के विकलांग डिब्बे में यात्रा करते समय 53 साल के आदमी जितेंद्र हिरमुखे ने युवती के साथ छेड़छाड़ की.
आरोपी हिरमुखे को बुधवार ( 11 नवंबर 2026) को नायगांव में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. उसे अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.
मंगेतर का अस्पताल में लापरवाही का आरोपी
'HT' के साथ बातचीत में युवती के मंगेतर ने बताया कि जब उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट हो रही थी, तब प्लेटफॉर्म पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन काफी खून बहने पर भी कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया. बाद में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उसे वसई के एक अस्पताल ले गए, जहां उसे प्राइमरी ट्रीटमेंट दिया गया. मंगेतर ने आरोप लगाया कि युवती मरने की स्थिति में थी, लेकिन अस्पताल ने कुछ नहीं किया. बाद में उसे कूपर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों को उसका हाथ काटना पड़ा.
परिवार में अकेली कमाने वाली थी लड़की
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में युवती ने कहा कि वह अपने परिवार के लिए अकेली कमाने वाली थी और एक हाथ खोने के बाद अब वह आगे काम नहीं कर पाएगी. वायरल वीडियो में युवती ने कहा,' मैंने सब कुछ खो दिया है, मुझे न्याय चाहिए.' एक अन्य अधिकारी ने बताया,' आरोपी ने घटना के बाद प्लेटफॉर्म से जाते समय अपना चेहरा रूमाल से ढक लिया था, इसलिए उसे पहचानना मुश्किल था, लेकिन हमने स्टेशन के दूसरे हिस्सों और स्टेशन के बाहर लगे CCTV फुटेज देखकर उसे ढूंढा और उसकी पहचान की. बुधवार को हमने उसे नायगांव में उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.' पुलिस ने बताया कि हिरमुखे पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 109 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
प्लेटफॉर्म पर चढ़ते समय कटा हाथ
भायंदर गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के मुताबिक, महिला और उसका मंगेतर दोनों फ्लिपकार्ट में काम करते थे और नायगांव में रहते थे. वहीं, उसकी मां मलाड में रहती थी. 4 नवंबर 2026 की शाम लगभग 7 बजकर 30 मिनट पर वह बोरीवली रेलवे स्टेशन पहुंची और लेडीज डिब्बे में भीड़ होने के चलते विरार जाने वाली ट्रेन के हैंडीकैप डिब्बे में चढ़ गई. इसी डिब्बे पर बैठे हीरमुखे ने युवती को गलत तरीके से छूना शुरू कर दिया. जब युवती ने नायगांव स्टेशन पर उसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया और खुद भी ट्रेन से उतर गया. युवती ट्रेन से गिरने के बाद प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी कि तभी ट्रेन चलने लगी, जिससे उसका बायां हाथ पहियों के नीचे आ गया.