)
'मायानगरी' मुंबई से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी को दहला दिया है. यहां एक पार्क में बैठे एक कपल से छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पार्क में बैठे एक कपल के पास कुछ नाबालिग लड़के और छेड़खानी करने लगे. जब कपल ने उनका विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी. पार्क में ही मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वायरल वीडियो में कपल पर नाबालिगों के कहर को साफ देखा जा सकता है. इस वीडियो को बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने शेयर किया है. उन्होंने इसे 'मुस्लिम गुंडागर्दी' करार दिया है, क्योंकि आरोपियों में से दो लड़के गोल टोपी पहने नजर आ रहे हैं.
वीडियो में दिखा आरोपियों का कहर
यह घटना 20 नवंबर की बताई जा रही है. घटना को लेकर जानकारी मिली है कि शुक्रवार (20 नवंबर) को मुंबई के कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक पार्क में एक लड़का और लड़की बैठे हुए थे. दोनों मोबाइल पर एक-दूसरे की फोटो खींच रहे थे. इसी दौरान वहां करीब 8 से 10 नाबालिग लड़के पहुंचे. उन लड़कों ने लड़की पर कमेंट किया और जब कपल ने विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी. इतना ही नहीं शोहदे उन्हें पार्क से बाहर भी नहीं जाने दे रहे थे. उन्होंने पार्क की सीढ़ियों तक कपल का पीछा किया. इस दौरान गुलाबी रंग का कुर्ता पहने एक आरोपी लगातार कपल से मारपीट कर रहा था.
मुंबई में महिलाओं की सुरक्षा की खुली पोल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन में आई और उसने FIR दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक, अब सभी आरोपियों पर जुवेनाइल के तहत कार्रवाई की जा रही है. मुंबई पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह घटना शहर के किस पार्क में हुई है. वहीं, इस घटना ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करते हुए सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन के इंतजामों की पोल खोल दी है.
किरीट सोमैया ने मुस्लिम गुंडागर्दी बताया
उधर, बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने इसे 'मुस्लिम गुंडागर्दी' बताया है. उन्होंने घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा कि घाटकोपर स्थित फीनिक्स मॉल के पास मुस्लिम कट्टरपंथियों ने हिंदू कपल पर हमला किया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने कानून के दायरे में आने वाले 8 नाबालिगों के खिलाफ BNS की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत FIR दर्ज की है. इस मामले में पुलिस ने 5 नाबालिगों के माता-पिता को नोटिस जारी किया है.