मुंबई एयरपोर्ट के पास बनी मस्जिद पर चलेगा बुलडोजर? MMRDA के नोटिस से मचा हड़ंकप
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने मुंबई एयरपोर्ट के पास बनी मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए उसे हटाने का आदेश जारी किया है. मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को मस्जिद हटाने का आदेश दिया गया है.
मुंबई एयरपोर्ट के पास बनी एक मस्जिद को लेकर विवाद गहरा गया है. मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने इस मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से हटाने के आदेश दिए हैं. MMRDA ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को पत्र लिखकर आदेश दिया है कि इस मस्जिद को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए. आदेश में कहा गया है कि संबंधित मस्जिद अवैध रूप से बनाई गई है. आदेश में ये भी लिखा है कि अगर एमआईएएल इस मस्जिद को नहीं हटाती, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
MMRDA की इजाजत के बिना हुआ निर्माण
MMRDA की ओर से मस्जिद के गेट पर भी एक नोटिस चस्पा किया गया है. इसमें बिना अनुमति के मस्जिद का निर्माण किए जाने की बात लिखी है. नोटिस में लिखा है कि इस क्षेत्र में मस्जिद का निर्माण कराने को लेकर MMRDA से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है. इसी आधार पर प्राधिकरण ने MIAL को तत्काल यह ढांचा हटाने का निर्देश दिया है.
नोटिस में कहा गया कि मेसर्स अशबुल जन्ना एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से निर्माण को वैध साबित करने के लिए जो दस्तावेज जमा किए गए हैं, वे महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के तहत इस निर्माण को संरक्षण देने के लिए पर्याप्त नहीं हैं. यही वजह है कि इस अवैध निर्माण को तुरंत हटाना होगा.
MMRDA के नोटिस पर राजनीति शुरू
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने MMRDA की इस कार्रवाई का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि मस्जिद का अवैध तरीके से निर्माण किया गया था. उन्होंने दावा किया कि करीब 3 महीने की प्रक्रिया के बाद मस्जिद को अवैध घोषित किया गया है. उधर, विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी सरकार सिर्फ मुस्लिम समुदाय को निशाना बना रही है. विपक्ष का कहना है कि सरकार हिंदू-मुसलमान की राजनीति करके जनता का ध्यान असल मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है. विपक्ष ने बीजेपी सरकार पर मस्जिदों, मदरसों और कब्रिस्तानों को टारगेट करने का आरोप लगाया है.
ये भी पढ़ें- लड़की से छेड़खानी, लड़के को पीटाः मुंबई के एक पार्क में 8 नाबालिगों का कहर, कपल से दरिंदगी का Video देख सहमे लोग!