CISF जवानों के लिए दिल्ली के साकेत में होगा आधुनिक बैरकों का निर्माण, IRFC फाउंडेशन और NSL के साथ हुआ समझौता
दिल्ली के साकेत परिसर में रहने वाले CISF के जवानों को अब प्री-फैब्रिकेटेड आवास सुविधा मिलने जा रही है. इसके लिए मंगलवार को एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर साइन किए गए.
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी CISF ने भारतीय रेलवे वित्त निगम (IRFC) फाउंडेशन और NSL सर्विसेज लिमिटेड के साथ त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए हैं. यह समझौता दिल्ली में साकेत स्थित परिसर में आधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड आवास सुविधाओं के निर्माण के लिए किया गया है. यह समझौता 1.99 करोड़ रुपये का है. इसके लिए फंड का इंतजाम IRFC फाउंडेशन ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत किया है. इस प्रोजेक्ट के बनने से CISF के 288 जवानों को रहने की सुविधा मिलेगी.
दिल्ली में मंगलवार को हुए इस समझौते में CISF की ओर से डीआईजी/डीएमआरसी डॉ. संतोष कुमार सिंह, IRFC फाउंडेशन की ओर से श्वेत केतु मिश्रा और NSL सर्विसेज लिमिटेड की ओर से सुनील कुमार पांडेय ने हस्ताक्षर किए.
छह डबल-डेकर प्री-फैब्रिकेटेड कंटेनरीकृत बैरकों का होगा निर्माण
इस परियोजना के तहत CISF के साकेत परिसर में छह डबल-डेकर प्री-फैब्रिकेटेड कंटेनरीकृत बैरकों का निर्माण किया जाएगा. इनमें से प्रत्येक बैरक की क्षमता 48 कर्मियों को ठहराने की होगी. इस परियोजना में बाथरूम, शौचालय और वॉशबेसिन से लैस दो समर्पित प्री-फैब्रिकेटेड शौचालय ब्लॉक भी शामिल होंगे.
प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य का जिम्मा NBCC (इंडिया) लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी NSL सर्विसेज लिमिटेड संभालेगी. यह कंपनी आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत काम करती है. समझौता लागू होने के 12 महीने के भीतर परियोजना को पूरा करने की समयसीमा तय की गई है.
जवानों को रहने के लिए मिलेगी बढ़िया सुविधा
इस अवसर पर बोलते हुए डीआईजी/डीएमआरसी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सीआईएसएफ कर्मी हवाई अड्डों, मेट्रो नेटवर्क, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, बिजली संयंत्रों, बंदरगाहों और अन्य रणनीतिक प्रतिष्ठानों सहित महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बुनियादी ढांचों पर 24 घंटे सुरक्षा सेवाएं प्रदान करते हैं.
उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारियों के लिए निरंतर सतर्कता, अनुशासन और परिचालन तत्परता की आवश्यकता होती है. इसलिए, बेहतर आवासीय बुनियादी ढांचा यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है कि कर्मी शारीरिक रूप से तनावमुक्त, मानसिक रूप से तरोताजा और अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से पालन करने के लिए तैयार रहें.
उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ की बढ़ती सुरक्षा जिम्मेदारियों और अपने कर्मियों के लिए सहायता बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत करने की आवश्यकता को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्व रखती है.
IRFC फाउंडेशन देगा प्रोजेक्ट को फंडिंग
यह पहल एक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम (CPSE) के सीएसआर प्लेटफॉर्म और भारत सरकार के एक बुनियादी ढांचा संगठन के बीच संस्थागत समन्वय को दर्शाती है.
इस प्रोजेक्ट के लिए जहां IRFC फाउंडेशन अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करेगा, वहीं NSL सर्विसेज लिमिटेड परियोजना को निष्पादित करने के लिए जिम्मेदार होगी. सीआईएसएफ इसके क्रियान्वयन में सहयोग और निगरानी करेगा.
यह पहल सीआईएसएफ मुख्यालय और संबंधित हितधारकों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से साकार हुई है. जो कर्मियों के कल्याण और बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए नए रास्ते तलाशने की बल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.