App

नालासोपारा में भीषण अग्निकांडः हाईराइज बिल्डिंग में लगी आग में 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत, कई लोग झुलसे

महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित नालासोपारा इलाके में मंगलवार (13 अक्टूबर) की आधी रात को हुए भीषण अग्निकांड में 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग जिंदा झुलस गए. घटना की सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने करीब 20 से 25 लोगों को रेस्क्यू किया.

नालासोपारा में भीषण अग्निकांडः हाईराइज बिल्डिंग में लगी आग में 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत, कई लोग झुलसे
Image Credit: नालासोपारा में भीषण अग्निकांड (Photo- ANI)

महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित नालासोपारा इलाके में मंगलवार (13 अक्टूबर) को एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया. यहां एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 2 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग जिंदा झुलस गए. मरने वालों की पहचान फाल्गुनी शाह और अश्विनी पारकर के तौर पर हुई है. जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे बिल्डिंग के 14वीं मंजिल पर भीषण आग लगी. घटना के वक्त बिल्डिंग के अंदर कई लोग मौजूद थे. आग लगने पर पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू का शुरू किया गया.

क्रेन से बाहर निकाले गए लोग

बताया जा रहा है कि फायरफाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. आग लगने पर कुछ लोग बिल्डिंग से नीचे कूदने के लिए अपनी बालकनी से लटक गए. उन्हें रेस्क्यू करने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी. घटना की जानकारी मिलते ही आचोले पुलिस भी मौके पर मौजूद थी. इसके अलावा पूर्व महापौर रुपेश जाधव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया. 

शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. धुएं से दम घुटने के कारण दोनों महिलाओं की मौत की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पता चल सकेगी. आग पर काबू पाने के बाद फायर विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है. आग क्यों और कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है. 

घटना से फायर सेफ्टी पर उठे सवाल

उधर, इस घटना ने बिल्डिंग के फायर फाइटिंग सिस्टम और आग से सुरक्षा के उपायों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बिल्डिंग के आस-पास पर्याप्त जगह न होने की वजह से बचाव कार्य में दिक्कतें आईं. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या बिल्डिंग को मंजूरी देते समय आग से सुरक्षा के नियमों की ठीक से जांच की गई थी? क्या बिल्डिंग का फायर सेफ्टी ऑडिट हुआ था? घटना के बाद, प्रभावित लोगों को पास के रीजेंसी होटल में अस्थायी रूप से ठहराया गया है. आग लगने की असल वजह और सुरक्षा उपायों में हुई चूक की जांच की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More