क्या महाराष्ट्र में होगा सियासी उलटफेर? NCP विलय की अटकलों के बीच शरद पवार से मिलेंगे उद्धव ठाकरे; पार्थ पवार भी कर चुके हैं मुलाकात
सोमवार (09 नवंबर) को शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे एनसीपी (SP) के अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात से पहले महाराष्ट्र में सियासी पारा हाई है. हाल में ही एनसीपी सांसद पार्थ पवार ने भी शरद पवार से मुलाकात की थी.
Maharashtra Politics: इस समय महाराष्ट्र की सियासत से जुड़ी हर एक खबर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है. जहां एक और एनसीपी (एसपी) और एनसीपी के विलय की अटकलें बढ़ती जा रही हैं, तो दूसरी ओर शरद पवार को अस्पताल से छु्ट्टी मिलने के बाद उनके घर तमाम नेताओं के पहुंचने का क्रम जारी है. दोनों NCP के विलय की सुगबुगाहट के बीच शिवसेना (UBT) के चीफ उद्धव ठाकरे सोमवार (09 नवंबर) को शरद पवार से मुलाकात करेंगे. इस मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी हैं.
दरअसल, शरद पवार से मिलने उद्धव ठाकरे ऐसे समय पर जाने वाले हैं, जब हाल में ही सूबे की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बड़े बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार 2 बार शरद पवार से मिल चुके हैं. पार्थ पवार ने दो दिन में दो बार एनसीपी (एसपी) चीफ से मुलाकात की, जिसके बाद दोनों एनसीपी के विलय की अटकलें बढ़ गईं.
उद्धव ठाकरे करेंगे शरद पवार से मुलाकात
उद्धव ठाकरे आज शाम शरद पवार से मिलने जाएंगे. इससे पहले तमाम शिवसेना (UBT) के नेता शरद पवार से मिल चुके हैं. इस मुलाकात को लेकर सियासी चर्चा होने लगी है. दावा तो यही किया जा रहा है कि यह केवल एक शिष्टाचार मुलाकात होगी, लेकिन राजनीति में एक छोटी-सी मुलाकात के मायने भी काफी अहम होते हैं. इससे, इतर पिछले कुछ घंटों में ही पार्थ पवार ने दो बार शरद पवार से मुलाकात की.
कुछ समय पहले ही, जब शरद पवार भर्ती थे, उस वक्त एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने अस्पताल गए थे. दोनों के बीच करीब 2 घंटे से अधिक समय तक बात हुई थी. इसके बाद कयास लगाए जाने लगे थे कि जल्द ही महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है.
पार्थ पवार और शरद पवार के बीच 2 घंटे बैठक
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एनसीपी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार और एनसीपी सांसद पार्थ पवार के बीच रविवार (08 नवंबर) को करीब 2 घंटे तक बातचीत चली. वहीं, इससे पहले शनिवार को भी दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी, उस वक्त भी लंबी बातचीत चली. इन राजनीतिक घटनाक्रमों को देखने को बाद महाराष्ट्र में अटकलों का बाजार गर्म है.
एनसीपी (SP) चीफ के घर नेताओं का जमावड़ा
गौर करने वाली बात है कि जो भी नेता शरद पवार से मिलने के लिए पहुंच रहे हैं, उनका कहना है कि वह केवल उनका स्वास्थ्य और हालचाल जानने के लिए जा रहे हैं, लेकिन राजनीति में जो दिखता है, वैसा होता बिल्कुल नहीं है. बता दें कि छाती में संक्रमण और सीने में दर्द के कारण शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब उनको डिस्चार्ज कर दिया गया है.
प्रफुल्ल पटेल कल कर सकते हैं मुलाकात
उद्धव से मुलाकात की खबरों के बीच मंगलवार (10 नवंबर) को एक बार फिर एनसीपी के दिग्गद नेता प्रफुल्ल पटेल शरद पवार से मुलाकात कर सकते हैं. इससे पहले जब पटेल ने अस्पताल में पवार से मुलाकात की थी, उस वक्त दोनों के बीच लंबी चर्चा हुई थी और 10 नवंबर को मुलाकात पर भी बात हुई थी, जिसकी वीडियो क्लिप भी सामने आई थी.
पीएम मोदी ने लिया था हालचाल
गत 2 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी ने शरद पवार को फोन कर उनका हालचाल जाना था. इस बात की जानकारी शरद पवार के करीबी मित्र विट्ठल मणियार ने दी थी. विट्ठल मणियार ने कहा कि पीएम मोदी ने उनसे आराम करने और अपनी सेहत का ध्यान रखने को कहा था. मणियार ने बताया कि पीएम मोदी ने इस दौरान सुप्रिया सुले और खुद के मिलकर देश संभालने की बात भी कही थी.
यह भी पढ़ें: लालकृष्ण आडवाणी के 99वें जन्मदिन पर बीजेपी हेडक्वार्टर में गूंजे वैदिक मंत्र, दिग्गजों ने की लंबी उम्र की प्रार्थना