शाइना NC को थप्पड़ मारने पर 71 हजार का इनाम, उद्धव गुट के नेता के ऐलान से मचा बवाल; माफी मांगने के बाद भी नहीं थमा विवाद
महाराष्ट्र में शिंदे गुट की शिवसेना नेता शायना NC के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पिंपरी चिंचवाड़ यूनिट के अध्यक्ष चेतन पवार ने भी उन्हें थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है.
Shiv Sena Reward For Slapping Shaina NC : महाराष्ट्र में शिवसेना के फाउंडिंग मेंबर बालासाहेब ठाकरे की फोटो को लेकर हुआ विवाद अब बढ़ता जा रहा है. शिवसेना (UBT) ने शिंदे गुट की शिवसेना नेता शायना NC को थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. इस ऐलान के बाद से नेता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
महाराष्ट्र में पिंपरी चिंचवाड़ यूनिट के अध्यक्ष चेतन पवार ने गुरुवार ( 19 नवंबर 2026) को थप्पड़ के लिए इनाम की घोषणा करते हुए बताया कि यह पुरस्कार मुंबई के एक शिवसेना (UBT) अधिकारी की इसी तरह के ऐलान के जवाब में दिया जा रहा है.
नेता को थप्पड़ मारने पर इनाम
मामले को लेकर अध्यक्ष पवार ने कहा,' जैसा कि सभी जानते हैं कि मुंबई से हमारे पार्टी के पदाधिकारी ने पहले ही शायना NC को थप्पड़ मारने वाले को 1 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है. इसी तरह हम शिवसेना (UBT) की पिंपरी चिंचवाड़ यूनिट के तौर पर उन्हें थप्पड़ मारने वाले को 71,000 रुपये का इनाम देने का ऐलान करते हैं.'
क्यों हुआ थप्पड़ मारने का ऐलान?
बता दें कि बुधवार ( 18 नवंबर 2026) को मुंबई में शिंदे की शिवसेना ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंगः ए जर्नी ऑफ लव' में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के जिक्र के खिलाफ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. विरोध के दौरान पार्टी नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े. इस दौरान शाइना NC को भी एक तस्वीर का हिस्सा फाड़ते हुए देखा गया, जिसमें बालासाहेब ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल मार रहे थे.
एकनाथ शिंदे ने किया स्पष्टीकरण का बचाव
शिवसेना नेता की ओर से की गई यह हरकत कैमरे में कैद हो गई, जिसको लेकर उद्धव गुट की शिवसेना के नेताओं ने आपत्ति जताई. उन्होंने शिंदे गुट की शाइना NC की इस हरकत की आलोचना की. वहीं, शायना ने जानबूझकर बालासाहेब का अपमान करने से इनकार किया और कहा कि उन्होंने अय्यर वाला हिस्सा फाड़ा था न कि दिवंगत शिवसेना संस्थापक की तस्वीर को नुकसान पहुंचाया. महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर एकनाथ शिंदे ने भी उनके स्पष्टीकरण का बचाव किया.
शायना का स्पष्टीकरण
गुरुवार ( 19 नवंबर 2026) को शायना NC ने बालासाहेब को मानने वाले लोगों से माफी मांगी और कहा कि अगर उनके कामों से उन लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वह इसके लिए उनसे माफी मांगती है. नेता ने यह भी कहा कि उनका बालासाहेब की बेइज्जती करने का कोई इरादा नहीं था. इस घटना से उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के विरोधी गुटों के बीच नया टकराव शुरू हो गया है.