महाराष्ट्रः MLC चुनाव के बाद ठाकरे बंधुओं के साथ नजर आए CM फडणवीस, मंच पर खूब हुई हंसी-ठिठोली, क्या कुछ बड़ा होने वाला है?
MLC चुनाव के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक ही मंच पर नजर आए. इस दौरान मंच पर तीनों नेता आपस में काफी हंसी-ठिठोली करते नजर आए. राज ठाकरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैं बीजेपी से कहना चाहूंगा कि 2029 तक मुख्यमंत्री को अपने साथ ही रखें.
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के बाद एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है. MLC चुनाव में विपक्ष से मिले झटके बाद CM देवेंद्र फडणवीस और ठाकरे बंधुओं की मुलाकात वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रही है. तीन विपरीत ध्रुवों के नेताओं को एक साथ देखकर लोग हैरान हो गए. हालांकि, मुख्यमंत्री ने सभी की उत्सुकता मिटाते हुए कहा कि किसी को हैरान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आत्मीयता महाराष्ट्र की सियासी परंपरा का हिस्सा रही है.
मंच पर खूब हुई हंसी-ठिठोली
बताया जा रहा है कि तीनों नेता एक किताब के विमोचन कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे. इस दौरान मंच पर तीनों नेता आपस में काफी हंसी-ठिठोली करते नजर आए. कार्यक्रम के दौरान संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने देवेंद्र फडणवीस की तारीफ करते हुए कहा कि राज ठाकरे का निमंत्रण स्वीकार करके वह यहां आए हैं. इस पर राज ठाकरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मैं आशीष शेलार से कहना चाहूंगा कि 2029 तक मुख्यमंत्री को अपने साथ ही रखें.
सीएम ने उद्धव ठाकरे की चुटकी ली
राज ठाकरे के इस मजाक पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि सब कहते हैं कि राज ठाकरे जब भी मुझे निमंत्रण देने के लिए फोन करते हैं, तो मैं आ जाता हूं. उन्होंने कहा कि 2019 से पहले तक उद्धव ठाकरे भी जब फोन करते थे, तो मैं आता था. मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि 2019 के बाद मैं उद्धव के फोन का इंतजार ही करता रहा, लेकिन उन्होंने मुझे कभी फोन नहीं किया. मुख्यमंत्री की इस बात पर सभी ठहाका लगाकर हंसने लगे. राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए.
MLC चुनाव पर राज ठाकरे का तंज
हाल ही में हुए MLC चुनाव पर तंज कसते हुए राज ठाकरे ने कहा कि वह स्नातक नहीं हैं, फिर भी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में उम्मीदवार बन सकते हैं. उन्होंने बताया कि एक बार प्रमोद नवलकर ने उन्हें स्नातक एमएलसी उम्मीदवार का फॉर्म दिखाया था. इस फॉर्म में सबसे आखिरी में हस्ताक्षर करने या अंगूठा लगाने का जिक्र किया गया था. राज ठाकरे ने कहा कि अपना भारत कितना महान है. स्नातक सीट के लिए उम्मीदवार को स्नातक होना भी जरूरी नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अपने यहां चुनाव सुधा पर कुछ नहीं हो सकता है.
राजनीतिक कार्टूनिस्ट को लेकर क्या कहा?
कार्यक्रम में सीएम फडणवीस ने नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि कार्टूनिस्ट अक्सर नेताओं का कार्टून बना देते हैं. कई बार वे देखने में बड़े भद्दे दिखते हैं. ऐसे में नेताओं को नाराज होने की बजाय उसका आनंद उठाना चाहिए. राजनीतिक कार्टूनों की परंपरा की तारीफ करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री डेविड लॉयड जॉर्ज से एक बार किसी ने पूछा था कि वह प्रधानमंत्री पद के तनाव को कैसे संभालते हैं, तो उन्होंने जवाब में कहा था कि वह हर सुबह 'डेली एक्सप्रेस' पढ़ते हैं और उसमें छपे अपने कार्टून देखते हैं. डेविड लॉयड ने उस शख्स से कहा था कि उन्हें ये कार्टून भले ही पसंद नहीं आते हैं, लेकिन इन्हें देखकर उन्हें खूब हंसी आती है. इसी तरह से विंस्टन चर्चिल के भी कई कार्टून बने थे, जिन्हें उन्होंने अपने घर में लगा रखा था.
ये भी पढ़ें- BJP महासचिवों की बैठक: SIR पर विपक्ष का हंगामा जारी, नितिन नवीन के मंथन में क्या निकलेगा?