SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

MiG-23 पर चढ़े LPU के छात्र, टैंक पर सवार होकर मचाया हंगामा; पंजाब यूनिवर्सिटी में दिखे हैरान करने वाले नजारे

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म की अफवाह के बाद छात्रों ने परिसर में खड़े मिग-23 विमान और टैंक पर चढ़कर जोरदार प्रदर्शन किया. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एसआईटी का गठन किया है.

Written By Harsh Singh
Published: Sep 27, 2026, 03:07 PM IST | Updated: Sep 27, 2026, 03:31 PM IST
Join

पंजाब के फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी कैंपस में रविवार (27-09-2026) सुबह भारी हंगामा हो गया. छात्रा से बलात्कार की अफवाह सोशल मीडिया पर फैलने के बाद वहां के छात्र भड़क गए. सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं हॉस्टल के बाहर जमा हो गए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे.

गुस्साए छात्रों का विरोध प्रदर्शन इतना बढ़ गया कि कुछ छात्र परिसर में खड़े वायुसेना के पुराने मिग-23 विमान और टैंक के ऊपर चढ़ गए.

इस दौरान कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया.

हॉस्टल में छेड़छाड़ और दुष्कर्म के दावों से भड़की हिंसा

इस घटना की शुरुआत रात करीब एक बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास से हुई थी. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि 24 सितंबर को हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा के साथ किसी बाहरी प्लंबर के काम में लगे मजदूर ने गलत काम किया है.

छात्रों का दावा था कि इस मामले की शिकायत हॉस्टल वार्डन से की गई थी, लेकिन प्रशासन ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की. इसी बात को लेकर छात्रों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए.

पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि शुरुआत में ये महज एक अफवाह के तौर पर सामने आई थी, जिससे छात्र आक्रोशित हो गए हैं.

हाइवे जाम कर छात्रों ने की विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया. सड़क जाम होने के कारण एनएच पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.

स्थिति की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने गाड़ियों के रूट को बदलकर फगवाड़ा-जंडियाला मार्ग से निकालना शुरू किया. कैंपस के अंदर भी माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा.

जगह-जगह खिड़कियों के कांच टूटे हुए मिले और गमलों को नुकसान पहुंचाया गया. कुछ दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई और परिसर के एक हिस्से में आग लगा दी गई.

पुलिस ने दर्ज की FIR और SIT जांच के दिए आदेश

जालंधर रेंज के पुलिस उपनिरीक्षक नवीन सिंगला और कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज कर लिया है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच करने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व एसपी फगवाड़ा मेजर सिंह करेंगे. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक सबूतों और फोन कॉल्स की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके.

गर्ल्स हॉस्टल में केवल महिला स्टाफ रखने की उठी मांग

विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी कई प्रमुख मांगे रखीं. छात्राओं की सबसे मुख्य मांग ये थी कि गर्ल्स हॉस्टल के अंदर सुरक्षा और रखरखाव के काम में लगे सभी पुरुष कर्मचारियों को तुरंत हटाया जाए और वहां केवल महिला स्टाफ की ही तैनाती की जाए.

डीआईजी नवीन सिंगला ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी सही मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक की जाएगी और सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा.

एलपीयू प्रशासन ने खारिज की अफवाहें

दूसरी तरफ लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने आधिकारिक बयान जारी कर दुष्कर्म के सभी दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है.

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए झूठी और मनगढ़ंत अफवाहें फैलाकर शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं.

एलपीयू प्रबंधन ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की गलत खबर पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से दी जाने वाली जानकारियों पर ही ध्यान दें. 

ये भी पढ़ें: E20 पर पंगा, E25-E30 पर ब्रेक...700 करोड़ लीटर इथेनॉल बना सरकार के लिए संकट,खपाने के लिए खोज रहे खरीदार
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष धर्म और ज्योतिष से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया के धार्मिक आयोजनों, अध्यात्म और ज्योतिषीय गणनाओं से जुड़े जरूरी अपडेट्स दर्शकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ धर्म-कर्म और ऐस्ट्रो की दुनिया के खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES