SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कावेरी इज बैक: जिस इंजन को मान लिया गया था फेल, उसी ने रूस में कर दिया बड़ा खेल; अब फाइटर जेट्स को मिलेगी नई ताकत!

भारत के रक्षा क्षेत्र के लिए एक शानदार खबर सामने आई है. कावेरी इंजन ने रूस में अलग-अलग टेस्टों को पास कर लिया. कावेरी प्रोजेक्ट को एक समय पर फेल प्रोजेक्ट माना जा रहा था. करीब 3 दशक बाद उस कावेरी इंजन ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है.

Written By abhinav tripathi
Published: Sep 29, 2026, 09:20 AM IST | Updated: Sep 29, 2026, 09:34 AM IST
Image Credit: भारत के कावेरी इंजन ने रूस में कई ट्रायल पास किए. (फोटो- एआई)
Join

भारत में बने कावेरी इंजन ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. भारत में बने इस खास इंजन ने रूस में एक बड़ी 'अग्निपरीक्षा' को पास कर लिया. इससे रक्षा क्षेत्र को एक बड़ी मजबूती मिलने की संभावना है. भारत की आत्मनिर्भरता की पहचान रखने वाले इस कावेरी ड्राई इंजन ने रूस में सबसे अधिक ऊंचाई और उड़ान के सभी ट्रायल को पूरा कर लिया. सबसे खास बात है कि इस इंजन ने करीब 48.5 किलोन्यूटन (kN) का पीक ड्राई थ्रस्ट भी हासिल किया. यह इसलिए खास है, क्योंकि इस इंजन की क्षमता लगभग 46 kN थ्रस्ट मानी जा रही थी.

दरअसल, यह वही कावेरी इंजन है, जिसको कुछ वर्ष पहले एक फेल प्रोजेक्ट माना जा रहा था. हालांकि, एक नए ट्रायल में हासिल किए गए रिकॉर्ड थ्रस्ट के बाद इसने पूरी दुनिया में अपनी नई धाक बटोरी है. डीआरडीओ ने कावेरी जेट इंजन का निर्माण किया है. भारत के प्रस्तावित स्टील्थ अनमैन्ड कॉम्बैट एरियल व्हीकल (UCAV) को और अधिक पावर देने के लिए इस इंजन का निर्माण किया गया था.

रूस में कौन से टेस्ट में पास हुआ 'फेल' इंजन

सामान्य भाषा में इस इंजन को कावेरी डेरिवेटिव इंजन (KDE) के तौर पर भी जाना जाता है. यह इंजन उस असली कावेरी का नॉन-आफ्टरबर्निंग वर्जन है, जिसे आफ्टरबर्नर से मिलने वाले एक्स्ट्रा किक की आवश्यकता नहीं होती है. यहां आपको जानना चाहिए की ड्राई थ्रस्ट का मतलब बिना आफ्टरबर्नर के मिलने वाला थ्रस्ट होता है.

रूस के दो संस्थानों में ये ट्रायल किए गए हैं. इसमें पहला सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एविएशन मोटर्स (CIAM) है और एक अन्य ग्रोमोव फ्लाइट रिसर्च इंस्टीट्यूट है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इंजन को CIAM में उस स्थिति में टेस्ट किया गया, जो ऊंचाई पर उड़ने जैसी थी. एक ऐसी स्थिति उत्पन्न की गई, जहां पर दबाव और तापमान दोनों तेजी से कम हो रहे थे. इसके बाद इंजन का फ्लाइट टेस्ट किया गया. वैज्ञानिकों ने इस दौरान Il-76 फ्लाइंग टेस्टबेड का इस्तेमाल किया. इसी में कावेरी इंजन को लगाया गया. इसके बाद अलग-अलग परिस्थितियों में इंजन के प्रदर्शन को जांचा गया.

उम्मीद से बहुत अच्छा प्रदर्शन

भारत के कावेरी प्रोग्राम के लिए वर्षों से थ्रस्ट का मुद्दा एक चुनौती रहा है. ऐसे में टेस्टिंग के दौरान 46 kN के टारगेट के मुकाबले 48.5 kN की रीडिंग मिली, जिससे पता चलता है कि इंजन में काफी अधिक पावर मिली है. इंजन के टेस्ट का रूसी चरण पूरा होने के बाद इस इंजन का भारत में सर्टिफिकेशन और इंटीग्रेशन के लिए आगे बढ़ेगा. कुछ जानकारों का कहना है कि 'सेंटर फॉर मिलिट्री एयरवर्दीनेस एंड सर्टिफिकेशन' (CEMILAC) की ओर से इसकी अन्य कई पैमानों पर जांच की जाएगी, जिसके बाद एयरवर्दीनेस की मंजूरी मिलेगी.

कैसे तेजस से शरू हुई कावेरी इंजन की कहानी

गौरतलब है कि कावेरी इंजन प्रोजेक्ट की शुरुआत LCA तेजस के लिए की गई थी. इस प्रोजेक्ट की शुरुआत करने के लिए 382.21 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी मिली थी. हालांकि, टेस्टिंग के दौरान इंजन को तमाम प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसमें जरूरी थ्रस्ट हासिल करना जैसे कुछ महत्वपूर्ण पहलु शामिल रहे.

कावेरी इंजन के करीब 9 प्रोटोटाइप बनाए गए. इनकी करीब 3200 घंटों से अधिक समय तक टेस्टिंग की गई. इन टेस्टिंग के बाद भी यह इंजन तेजस की जरूरतों पर खरा नहीं उतर सका था. इसके बाद साल 2008 में तेजस प्रोग्राम से अलग किया गया. तेजस प्रोग्राम से अलग होने के बाद भी कावेरी प्रोजेक्ट पर काम जारी रहा. इसी से जुड़े डेरिवेटिव इंजन का सफल परीक्षण किया जा रहा है. ऐसे में रूस में हुए इस हालिया परीक्षण के बाद प्रोजेक्ट के अगले चरण को लेकर संभावनाएं बढ़ गई हैं.

यह भी पढ़ें: असम सीएम का अनूठा डांस: उपचुनाव के बीच CM हिमंता का कूल अंदाज, राहा में समर्थकों संग जमकर थिरके; VIDEO

यह भी पढ़ें: 'पूर्ण राज्य' के मुद्दे पर JK में सरकार और ब्यूरोक्रेसी आमने-सामने, अफसरों ने स्पीकर को लिखी चिट्ठी; उमर अब्दुल्ला नाराज

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES