'गांव के लड़कों को नहीं मिल रहीं दुल्हनें, कुछ करो सरकार...': CM शिवकुमार के सामने किसान की अजीबोगरीब फरियाद
कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार के सामने एक किसान ने अनोखी समस्या रखी है. उसका कहना है कि किसानों को कोई अपनी लड़की नहीं देना चाहता है, वह उसकी शादी कराएं. इस समस्या को सुनने के बाद सीएम के साथ वहां पर मौजूद सभी लोग हंसने लगे. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है.
Karnataka News: कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार के सामने एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया. सामान्य तौर पर जब कोई भी नेता जनता के बीच जाता है, तो लोग उससे बिजली, टूटी सड़क या अन्य ऐसी समस्याएं बताते हैं, जिससे उनका सीधा सरोकार होता है. इस बीच कर्नाटक के सीएम के सामने बिल्कुल ही अलग मामला आया है, जिसने लोगों को दंग कर दिया. यहां एक किसान नेता ने सीएम से अनोखी मांग कर दी. सीएम से किसान नेता ने कहा कि हमें दुल्हन ढूंढ कर दीजिए.
दरअसल, यह पूरा मामला शनिवार (03 अक्टूबर) का है. कर्नाटक के मैसूरु जिले में पिरिपायटना नाम के एक जगह पर 'प्रजा सेवा' नाम का एक कार्यक्रम चल रहा था. इसमें राज्य के सीएम डीके शिवकुमार पहुंचे थे. वह लोगों की शिकायतें सुन रहे थे. इसी दौरान एक किसान नेता उनके पास आया और उसने किसानों से जुड़ी एक अहम समस्या सीएम के सामने रखी.
किसान ने सीएम के सामने रखी अनोखी समस्या
किसान की ओर से बताया गया कि आजकल खेती करने वाले लड़कों की शादी नहीं हो पा रही है. उन लड़कों के पास खेती की जमीन है. इसके अलावा उनके पास अपना घर भी है. ये लड़के अच्छा पैसा भी कमाते हैं और परिवार का खर्च भी वहन करते हैं, लेकिन कोई भी इन्हें अपनी लड़की नहीं दे रहा है.
इस दौरान किसान ने काफी उदासी के साथ कहा कि 35 से 40 साल के कई किसान अभी भी कुंवारे हैं. शादी नहीं होने से वे काफी निराश हैं. वे इतने परेशान हैं कि उनमें से कुछ तो आत्महत्या तक करने की सोच रहे हैं. अब इस खास बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. किसान नेता की बात सुनकर सीएम डीके शिवकुमार भी हंस पड़े. उन्होंने पूछा कि आप मेरे से क्या चाहते हैं.
कर्नाटक के सीएम के सामने अनोखी समस्या आ गई. किसान ने CM डी.के. शिवकुमार से कहा कि खेती-किसानी करने वाले लड़कों को कोई अपनी बेटी नहीं दे रहा है. किसान ने सीएम से कहा कि वह उसकी शादी कराएं. #KarnatakaPolitics https://t.co/eCORKdagNe
— Abhinav Tripathi🇮🇳 (@abhinavthink) October 6, 2026
'हमारी शादी करा दीजिए'
सीएम के सवाल पर किसान ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारी भी शादी हो. मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि आप इसमें हमारी मदद करें. यह कोई छोटी बात नहीं, लाखों किसान इसी परेशानी से जूझ रहे हैं. आपको हमारी बातों सुनना होगा और हमारी मदद करनी ही होगी.
इसके अलावा अपनी बातों को रखते हुए किसान ने एक भावुक करने वाली बात भी कही. किसान ने कहा कि एक किसान दिन-रात मिट्टी में मेहनत करता है. पूरी दुनिया किसान को अन्नदाता के तौर पर देखती है. सबका पेट भरता है, लेकिन कोई अपनी बेटी उसको नहीं देना चाहता है.
किसान ने बताई शादी नहीं होने की वजह
किसान का कहना है कि आज के समय में हर परिवार की चाह है कि उनका दामाद कोई नौकरी करने वाला हो. लोगों को सरकारी नौकरी वाले लड़के पसंद आते हैं. या फिर कई परिवार ऐसे लड़कों चुनते हैं. जो बड़ी कंपनियों में काम करते हैं. हर महीने तनख्वाह पाने वाले लड़कों की अलग डिमांड है. यही कारण है कि अधिक जमीन होने के बावजूद किसानी करने वाले लड़कों को कोई अपनी लड़की नहीं देना चाहता है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के फॉर्म-6 पर दावे का EC ने कर दिया फैक्ट चेक, SC का आदेश शेयर कर कहा- गुमराह कर रहे!