13 खौफनाक गुनाह, 20 साल की फरारी: घाटी को लहूलुहान करने वाला खूंखार आतंकी ऐसे हुआ अरेस्ट
आतंकी मोहम्मद मंशा करीब 20 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था. वह कई पुलिसकर्मियों की हत्या मामलों समेत 13 आतंकी घटनाओं में वांछित था. पुलिस के मुताबिक, साल 2000 से लेकर 2007 के बीच वह एक सक्रिय आतंकवादी था.
घाटी में कई पाकिस्तानी आतंकियों के छिपे होने के इनपुट के बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक खूंखार आतंकी को धर दबोचा है. पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद मंशा के रूप में हुई है. वह रियासी जिले की तहसील थुरू के थुरू लसोली का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, वह 13 आतंकी घटनाओं में वांछित था और करीब 20 साल से फरार था. 2 दशक के बाद अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. रियासी जिला पुलिस ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि उसने एक ऐसे भगोड़े आतंकवादी को गिरफ्तार किया है, जो दो दशकों से अधिक समय से फरार था.
2000 से 2007 के बीच खूब बहाया खून!
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किया गया आतंकी, कई पुलिसकर्मियों की हत्या मामलों समेत अन्य कई आतंकी घटनाओं में वांछित था. पुलिस ने बताया कि मोहम्मद मंशा साल 2000 से लेकर 2007 के बीच सक्रिय आतंकवादी था. उसने साल 2007 में सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था. हालांकि, आत्मसमर्पण करने के बावजूद, वह कानूनी प्रक्रिया से बचता रहा और कानून की पकड़ से दूर रहा. साल 2000 से 2007 के बीच वह दर्ज 13 आपराधिक मामलों में वांछित था. इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, आपराधिक साजिश, सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ना और आर्म्स एक्ट का उल्लंघन जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं.
6 दिसंबर 2001 जारी हुआ था गिरफ्तारी वारंट
उसके ऊपर जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक एसपीओ की हत्या करने का भी आरोप है. इस मामले में महोर पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी. इस मामले में आरपीसी की धारा 302, 307 और 121-ए, तथा आर्म्स एक्ट की धारा 7/25 के तहत केस दर्ज किया गया था. जांच पूरी होने के बाद, आरोपी के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 512 के तहत अदालत में चार्जशीट पेश की गई थी और उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था. रियासी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 6 दिसंबर 2001 को उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया था.
20 साल बाद पुलिस को मिली सफलता
पुलिस ने बताया कि लगातार प्रयासों, सटीक योजना और विश्वसनीय खुफिया जानकारी जुटाने के बाद, महोर पुलिस स्टेशन और जिला 'एब्सकॉन्डर ट्रैकिंग यूनिट' (फरार अपराधियों को खोजने वाली इकाई) के कर्मियों को मिलाकर एक विशेष टीम बनाई गई और उसे अवंतीपोरा जिले के त्राल भेजा गया. इस टीम ने यहां अवंतीपोरा पुलिस की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी रियासी जिला पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने दो दशकों से अधिक समय से चल रही तलाश को सफलतापूर्वक पूरा किया है.
रिपोर्ट- आईएएनएस
ये भी पढ़ें- आसमान से नजर, जमीन पर भी कहर: किश्तवाड़ में छिपे कई आतंकी! हेलीकॉप्टरों से खोज रहे जवान