जम्मू-कश्मीर में शीतलहर: ठंड का कहर, शोपियां-लेह में दिखा ट्रेलर; अगले हफ्ते माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़कने की चेतावनी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम लगातार ठंडा हो रहा है. शोपियां में पारा -3.4 डिग्री और लेह में -7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. आईएमडी यानी मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा. हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ने के साथ पारा माइनव 15 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे लुढ़कने का पूर्वानुमान लगाया गया है.
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शुष्क मौसम के बीच शीतलहर का असर बढ़ गया है. श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है. शोपियां में पारा -3.4 डिग्री सेल्सियस और लेह में -7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. बर्फ से ढकी पहाड़ी चोटियों से आ रही ठंडी हवाओं और लगातार शुष्क मौसम के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ठंड बढ़ गई है. घाटी के ज्यादातर इलाकों में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है.
कश्मीर घाटी में शोपियां सबसे ठंडा रहा
शोपियां का न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, लद्दाख के लेह में इस सीजन का सबसे कम तापमान -7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
आसमान साफ रहने और बारिश या बर्फबारी नहीं होने से रात में तापमान तेजी से गिर रहा है. ऊंचाई वाले इलाकों से आने वाली बर्फीली हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. काजीगुंड में यह -0.8 डिग्री सेल्सियस रहा.
शीतलहर ने ठिठुराया
दक्षिण कश्मीर में भी शीतलहर का असर तेज है. पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान -2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पुलवामा में तापमान -2.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
अनंतनाग में न्यूनतम तापमान -1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंपोर के कोनिबल में यह -1.0 डिग्री सेल्सियस और अवंतीपोरा में -0.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
मध्य और उत्तर कश्मीर में भी कड़ाके की ठंड जारी है. बडगाम में -1.5 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में -1.3 डिग्री सेल्सियस और सोनमर्ग में -1.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
गुलमर्ग और श्रीनगर एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान -1.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
इन इलाकों में थोड़ी राहत
घाटी के कुछ इलाकों में तापमान जमाव बिंदु से थोड़ा ऊपर रहा. बांदीपोरा में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस, गांदरबल में 0.7 डिग्री सेल्सियस और बारामूला तथा कोकरनाग में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
लद्दाख में भी कड़ाके की ठंड जारी है. लेह में न्यूनतम तापमान -7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कारगिल में रात का तापमान करीब -6.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. फिलहाल कोई सक्रिय मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है.
अगले एक सप्ताह में दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है. हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ेगी.
गुरेज, मच्छिल, जोजिला, द्रास, जंस्कार और पैंगोंग त्सो जैसे ऊंचे इलाकों में रात का तापमान -12 से -15 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे जा सकता है. मैदानी इलाकों में भी तापमान में और गिरावट आने की संभावना है.