App

लहरों पर ललकार, नेवी का नया हथियार! दुश्मनों को जलसमाधि देने आ गया अशंक, क्या है खासियत?

भारतीय नेवी को एक नया 'हथियार' मिला है. इसका नाम है अशंक. इसे गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड ने बनाया है. इसी कंपनी ने 5 नवंबर को नेवी को अमिनी जहाज सौंपा था.

लहरों पर ललकार, नेवी का नया हथियार!  दुश्मनों को जलसमाधि देने आ गया अशंक, क्या है खासियत?
Image Credit: नेवी को 18 दिन में दूसरा हथियार मिला है.

नेवी की ताकत में लगातार इजाफा हो रहा है. सोमवार को डिफेंस सेक्टर की कंपनी गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने भारतीय नेवी को 'अशंक' जहाज सौंपा. यह जहाज 'अरनाला-क्लास' के उन आठ 'एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो-वॉटर क्राफ्ट' (एएसडब्‍ल्‍यू-एसडब्‍ल्‍यूसी) में से छठा है, जिनका निर्माण इस शिपयार्ड में किया जा रहा है.जीआरएसई ने इससे पहले 5 नवंबर को 'अमिनी' सौंपा था. इस तरह यह इस महीने शिपयार्ड की ओर से सौंपा गया दूसरा युद्धपोत है.

इसके साथ ही जीआरएसई अब तक कुल 120 वॉरशिप का निर्माण कर चुका है।. इनमें से 82 भारतीय नौसेना के लिए हैं, जबकि बाकी भारतीय तटरक्षक बल और मित्र विदेशी देशों के लिए बनाए गए हैं. किसी भी भारतीय शिपयार्ड की ओर से बनाई गई यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है.

क्या है अशंक की खासियत?

एक अधिकारी ने बताया, 'अशंक' नाम का मतलब निडरता और अदम्य साहस है. यह नाम भारत की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने में इस वॉरशिप की भूमिका को बखूबी दिखाता है. तटीय इलाकों में एंटी-सबमरीन वॉरफेयर के लिए इसे भारतीय नेवी की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है. 'अशंक'- तटीय क्षेत्रों में नौसेना की परिचालन क्षमताओं को और मजबूत करेगा.'

किन हथियारों से लैस है अशंक?

इसकी स्पीड 46 किलोमीटर प्रतिघंटा है और यह 3300 किमी तक यात्रा कर सकता है. टॉरपीडो, रॉकेट और माइंस से लैस ये एएसडब्‍ल्‍यू-एसडब्‍ल्‍यूसी जहाज तटीय इलाकों में पानी के नीचे मौजूद खतरों का पता लगाने और उन्हें बेअसर करने के लिए बनाए गए हैं. ये बंदरगाहों और उनके आसपास के रास्तों की सुरक्षा करते हैं और नेवी विमानों के साथ मिलकर एंटी-सबमरीन ऑपरेशन को अंजाम देते हैं.
इन जहाजों में लगभग 88 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. इनमें जीआरएसई की ओर से बनाई गई 30एमएम की नेवल सरफेस गन लगी है और 'आत्मनिर्भर भारत' पहल के मुताबिक, इनमें कई जटिल स्वदेशी डिफेंस सिस्टम को भी शामिल किया गया है.

नेवी के लिए किन प्रोजेक्ट्स पर चल रहा काम?

दो और एएसडब्‍ल्‍यू-एसडब्‍ल्‍यूसी जहाजों के अलावा, जीआरएसई फिलहाल 10 अन्य फ्रंटलाइन नौसैनिक प्लेटफॉर्म बना रहा है. इनमें एक 'प्रोजेक्ट 17ए एडवांस्ड स्टील्थ फ्रिगेट', चार 'नेक्स्ट जनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल' और पांच 'नेक्स्ट जनरेशन कार्वेट' शामिल हैं. इसके साथ ही, कंपनी 36 अन्य जहाजों का भी निर्माण कर रही है, जिनमें निर्यात (एक्सपोर्ट) के लिए बनाए जा रहे 13 प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं.

पिछले 5 साल में नेवी को क्या क्या मिला?

अगर पिछले 5 साल में यानी साल 2021 से लेकर 2026 के बीच नेवी के बेड़े में विमानवाहक युद्धपोत, फ्रिगेट, स्टील्थ पनडुब्बियां, सबमरीन रोधी जहाज शामिल किए गए हैं.

साल 2022 में नेवी को पहला स्वदेशी विमानवाहर युद्धपोत आईएनएस विक्रांत मिला था. इसके अलावा प्रोजेक्ट 15बी के तहत आईएनएस विशाखापत्तनम (2021), आईएनएस इम्फाल (2023), आईएनएस सूरत (2025), आईएनएस मोरमुगाओ (2022) नेवी को सौंपे गए.

वहीं बात अगर अन्य युद्धपोत और फिग्रेट की करें तो साल 2025 में नेवी को आईएनएस नीलगिरी मिला. 2025 में ही  आईएनएस तमाल नेवी के बेड़े का हिस्सा बने. वहीं साल 2026 में अब तक नेवी में आईएनएस मालवन, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रे शामिल हो चुके हैं.

पनडुब्बियों में साल 2021 में कलवरी क्लास की आईएनएस करंज और आईएनएस वेला नेवी का हिस्सा बनीं. 2023 में इसी श्रेणी की आईएनएस वागीर और 2025 में आईएनएस वाग्शीर नौसेना में शामिल हुईं. साल 2024 में नेवी को अरिहंत क्लास की परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल आईएनएस अरिघात और  साल 2026 में आईएनएस अरिधमन मिलीं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More