वक्त का सितम! पत्नी-बच्चे से मिलने को बर्फीली नदी में कूदा शख्स, भारत-PAK सरहद में बंटे परिवार की दर्दनाक कहानी
PoK में रह रहे पत्नी और बच्चों से मिलने की कोशिश में 54 वर्षीय इरफान हुसैन शाह किशनगंगा नदी पार करते समय डूब गए. कई दिनों बाद उनका शव मिला और 28 नवंबर को मुजफ्फराबाद में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया.
भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा (LoC) सिर्फ दो देशों को ही नहीं बांटती, बल्कि कई परिवारों को भी एक-दूसरे से दूर कर देती है. इसकी एक दर्दनाक मिसाल 54 वर्षीय इरफान हुसैन शाह की मौत के रूप में सामने आई है. बारामूला के रहने वाले इरफान अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए बर्फीली किशनगंगा नदी पार करने निकले थे, लेकिन तेज बहाव में बहने से उनकी मौत हो गई. अब उनकी मौत के बाद भी परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. उनका शव भारत और पाकिस्तान के बीच एक मानवीय और कूटनीतिक मामला बन गया.
यह घटना 22-23 नवंबर की रात की है. उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के रहने वाले 54 वर्षीय इरफान हुसैन शाह ने केरान सेक्टर में LoC के पास किशनगंगा नदी पार करने की कोशिश की. पाकिस्तान की तरफ इस नदी को नीलम नदी कहा जाता है. इरफान की पत्नी और बच्चे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में रहते थे. उनसे मिलने की बेताबी में इरफान ने पैदल ही नदी पार करने का जोखिम उठाया. हालांकि, नदी का पानी बेहद ठंडा था और बहाव भी तेज था. वह खुद को संभाल नहीं पाए और पानी में बह गए. पाकिस्तान की तरफ मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें नदी में बहते देखा और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पाकिस्तानी सेना की मदद से उनकी लाश बरामद की गई. शव की तलाशी के दौरान उनकी जेब से पैन कार्ड मिला, जिससे उनकी पहचान भारतीय नागरिक के रूप में हुई.
भारत और पाकिस्तान में बंटा था परिवार
इरफान की जिंदगी भी कश्मीर के संघर्ष से प्रभावित रही थी. 1990 के दशक में वह दूसरे युवाओं की तरह हथियारों की ट्रेनिंग लेने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर चले गए थे. हालांकि, उन्होंने कभी हथियार नहीं उठाया. बाद में उन्होंने वहीं शादी कर ली और अपना परिवार बसा लिया. साल 2010 में जम्मू-कश्मीर की समर्पण और पुनर्वास नीति के तहत वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत लौट आए. इसके बाद उन्होंने श्रीनगर में रहकर सामान्य जिंदगी शुरू की. बारामूला में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से भी उनका संपर्क बना रहा.
पहलगाम हमले के बाद फिर बिछड़ गया परिवार
इरफान की जिंदगी में एक बार फिर मुश्किलें तब बढ़ीं, जब अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया. इसके बाद भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने का फैसला किया. इस दौरान इरफान की पत्नी और बच्चों को भी पाकिस्तान लौटना पड़ा, जबकि इरफान भारत में ही रह गए. इस तरह एक ही परिवार दो देशों में बंट गया.
यह भी पढ़ें: पेड़ से बेर तोड़कर खाए तो मासूम बच्ची को आधा किलोमीटर तक घसीटा, CCTV में कैद हुई बर्बरता; अब तक लापता
इरफान के दोस्त और पड़ोसी बताते हैं कि पत्नी और बच्चों से दूर होने के बाद वह काफी परेशान रहने लगे थे. LoC पर आवाजाही बंद होने और परिवार से मिलने का कोई कानूनी रास्ता नहीं होने के कारण उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ रही थीं. आखिरकार परिवार से मिलने की उम्मीद में उन्होंने किशनगंगा नदी पार करने का फैसला किया, लेकिन यह कोशिश उनकी जिंदगी की आखिरी कोशिश साबित हुई.
शव को लेकर दोनों तरफ से उठी मांग
इरफान की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी पत्नी और बच्चे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के नीलम घाटी इलाके में पहुंचे. उन्होंने पाकिस्तानी सेना और विदेश कार्यालय से शव सौंपने की अपील की, ताकि वे उनका अंतिम संस्कार कर सकें. दूसरी तरफ, बारामूला में रहने वाले इरफान के भाइयों और रिश्तेदारों ने भी भारतीय अधिकारियों और सेना से संपर्क किया. उन्होंने मांग की कि राजनयिक स्तर पर बातचीत करके शव को भारत लाया जाए. हालांकि, बाद में पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, शव उनकी पत्नी और बच्चों को सौंप दिया गया. 28 नवंबर को मुजफ्फराबाद में उनकी नमाज-ए-जनाजा पढ़ी गई और उन्हें दफनाया गया.
यह भी पढ़ें: 1976: गंगा ने बदली धारा, 16 गांव पहुंच गए दूसरे जिले में; जब परिसीमन को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
इरफान की कहानी बताती है कि सरहदें सिर्फ जमीन के टुकड़ों को अलग नहीं करतीं. कभी-कभी वे एक पति को पत्नी से, एक पिता को बच्चों से और एक परिवार को उसकी खुशियों से भी दूर कर देती हैं. इरफान जिंदगी भर अपने परिवार से मिलने की कोशिश करते रहे, लेकिन जिस सीमा को पार करने की कोशिश में उन्होंने जान गंवाई, वह उनके परिवार की कहानी का सबसे दर्दनाक हिस्सा बन गई.