)
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने पहली बार पाकिस्तान के एक मंत्री को भारत आने की दावत दी है. 20 से 22 नवंबर के बीच नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले 'सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम' (सभ्यता संवाद मंच) की एक अहम मीटिंग होगी. जिसके लिए पाकिस्तान को भी न्योता भेजा गया है. भारत की तरफ से इस मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री, औरंगजेब खान खिची भी दावत दी गई है.
हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि वो इस मीटिंग में हिस्सा लेगा या नहीं. अगर खिची इसमें हिस्सा लेते हैं, तो 2023 में गोवा में हुई SCO विदेश मंत्रियों की बैठक (जिसमें बिलावल भुट्टो शामिल हुए थे) के बाद, यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत की पहली यात्रा होगी.
India has invited all SCO member countries (cultural level), including Pakistan to attend SCO Civilisational Dialogue Forum to take place in Nov end. Invite sent to Pakistan's cultural minister Aurungzeb Khan Khichi.
— Sidhant Sibal (@sidhant) October 27, 2026
खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस फोरम का उद्घाटन कर सकते हैं. यह कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौजूद 16वीं सदी के किले, 'पुराना किला' में आयोजित होगा, जिसमें 25 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. इस कार्यक्रम के आयोजन में संस्कृति मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम करेगा. इस पहल का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 में तियानजिन में आयोजित SCO नेताओं के शिखर सम्मेलन में दिया था, जिसे बाद में संगठन ने स्वीकार कर लिया था.

सूत्रों ने बताया कि रूस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ईरान और बेलारूस समेत सभी 10 सदस्य देशों के संस्कृति मंत्रियों को बुलाया गया है. इसके अलावा, ऑब्जर्वर और डायलॉग पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है.
पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण रिश्तों के बावजूद, भारत ने SCO से जुड़ी उन गतिविधियों में हिस्सा लेना जारी रखा है, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल होता है. सितंबर 2026 में भारत ने अपने SCO राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी को इस्लामाबाद भेजा था. यह यात्रा पाकिस्तान को मिलने वाली संगठन की अध्यक्षता और अगस्त 2027 में होने वाली SCO नेताओं के शिखर सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में थी.
