)
देशभर में दीवाली से पहले मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलकर सर्द होने जा रहा है. पश्चिम विक्षोभ की वजह से हो रही बारिश की वजह से कहीं पर बारिश तो कहीं पर बर्फबारी का दौर देखने को मिलेगा. रात का मौसम अब पूरी तरह ठंडा हो चुका है. अब लोगों को सुबह के वक्त भी तेज ठंड का एहसास होने लगेगा. आइए, आपको बताते हैं कि इस वीकेंड यानी 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर का मौसम कैसा रहने वाला है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को देशभर के मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. जहां ओडिशा, आंध्र प्रदेश समेत देश के कुछ पूर्वी और तटीय राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत और दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर थमने के साथ मौसम साफ होने लगेगा.
अगर इस वीकेंड दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो बारिश के बाद मौसम साफ हो जाएगा. हालांकि, गुलाबी ठंड अब आ चुकी है और बारिश थमने के बाद भी लोगों को ठंड का एहसास बना रहेगा. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में हालिया बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. यह तापमान इस वीकेंड पर भी डाउन ही रहेगा.
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में 31 अक्तूबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. बारिश की संभावना कम नजर आ रही है, लेकिन हल्की हवाएं चल सकती हैं. अनुमान है कि 1 नवंबर को मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा.
इस वीकेंड पर अधिकतम तापमान 29°C से 31°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने का अनुमान है. जबकि सुबह और रात के समय हल्की गुलाबी ठंड का अहसास लगातार बढ़ेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के पूर्वोत्तर हिस्सों यानी अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है. मध्य भारत यानी छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भी 31 अक्टूबर को छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं.
दक्षिण भारत के ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 1 नवंबर से बारिश की गतिविधियां फिर से बढ़ सकती हैं. वहां पर कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. तमिलनाडु और केरल के तटीय इलाकों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
उत्तर-पश्चिमी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और बौछारें पड़ सकती हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से निचले इलाकों के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मैदानी इलाकों में गलन वाली ठंड का एहसास हो सकता है.
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड पड़ने के चेतावनी जारी की गई है. अनुमान है कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को देर रात में तापमान 1-2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. साथ ही सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकती है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के निचले इलाकों में सुबह और शाम के समय सर्द हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड का असर साफ महसूस होगा. ऐसे में अगर आप इस वीकेंड पर कहीं बाहर घूमने जाने का प्लान कर रहे हैं तो अपने बैग में गर्म कपड़े जरूर रख लें वरना आप ठंड से ठिठुर सकते हैं.