SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जाते-जाते मानसून का तांडव: 24 घंटे में 42 मौतें, अगले 48 घंटे बेहद भारी; उत्तर से लेकर पूरब तक बारिश का 'रेड' अलर्ट

Today Weather Update 27 September 2026: मानसून जाते-जाते तांडव करने के मूड में है. पिछले 24 घंटे में बरसात से जुड़ी घटनाओं की वजह से देश में 42 मौतें हो गई हैं. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है.

Written By Devinder Kumar
Published: Sep 27, 2026, 04:28 AM IST | Updated: Sep 27, 2026, 04:32 AM IST
Join

IMD Weather Alert 27 September 2026: देश के कई हिस्सों में मानसून जाते-जाते भी कहर मचा रहा है. नए बने ताकतवर वेदर सिस्टम की वजह से मौसम ने अचानक विकराल रूप ले लिया है. इसके चलते कई शहरों में बारिश की वजह से हालात बिगड़ गए हैं. पिछले 24 घंटे में बारिश से जुड़ी घटनाओं की वजह से देश में 42 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि कई जगह घर ढह गए हैं और करोड़ों रुपये की संपत्ति बर्बाद हो गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2 दिनों के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी किया है, जिसे हमें जानना चाहिए.

इन राज्यों में आज मौसम करेगा तांडव

IMD के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान देश के उत्तर, मध्य और पूर्वी राज्यों में बादलों का तांडव देखने को मिला है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है. लगातार हो रही बरसात की वजह से राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों की सड़कों पर सैलाब जैसी स्थिति बन गई है. निचले इलाकों में पानी भर जाने से आवागमन ठप हो गया है. पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है. वहां पर कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों की नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. मिट्टी धंसने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.  

मध्य प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में डिप्रेसन की वजह से बहुत भारी बारिश हुई है. खेतों में पानी भर जाने से फसलों के नुकसान की आशंका जताई गई है. जबकि, शहरी क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से जगह-जगह ट्रैफिक जाम की समस्या देखने को मिल रही है.

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है. इसके चलते बिहार और झारखंड के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. तेज बरसात की वजह से कई कच्चे घर ढह गए हैं, जिससे लोगों के मरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. भारतीय मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है.

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, यह सिस्टम अभी उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसका असर कई राज्यों और जिलों में देखने को मिलेगा.

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 2 दिन हैं भारी

अगले 48 घंटों के दौरान उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. विशेष तौर पर उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों तथा हिमाचल के सिरमौर, शिमला, सोलन और मंडी जिलों में भारी बारिश की आशंका है. इसे देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है. दोनों पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और आकस्मिक बाढ़ का खतरा बना हुआ है.  

दिल्ली-NCR में ठंडा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर अगले 24 घंटों तक जारी रह सकता है. इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ तेज हवा

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों के दौरान बारिश का मौसम बना रहेगा. इस बरसात की वजह से रात में ठंड का अनुभव होगा. हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. जिससे उमस का अनुभव नहीं होगा. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की गतिविधियां अभी दो दिन और बनी रहेंगी. उसके बाद ही इससे कुछ राहत मिल सकती है.

मौसम विभाग ने लोगों के लिए जारी की एडवाइजरी

IMD ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों के लिए विशेष एडवायजरी जारी की है. मौसम विभाग ने अपील की है कि अगले दो दिनों तक लोग रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में जाने से परहेज करें. खासकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में यात्रा करने से बचें. भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और उफनते नाले-नदियों से बचें. ट्रैफिक जाम से बचने के लिए घर से एक्स्ट्रा टाइम लेकर निकलें. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES