हैदराबाद के कॉलेज में डांडिया नाइट में बड़ा हादसा, झूमते-गाते छात्रों पर गिरा भारी भरकम लाइट स्टैंड, 1 की मौत
यह दर्दनाक हादसा नदरगुल स्थित एमवीएसआर (MVSR) इंजीनियरिंग कॉलेज में हुआ है. यहां कॉलेज परिसर में डांडिया सेलिब्रेशन चल रहा था, जिसमें 700 से ज्यादा स्टूडेंट शामिल हुए थे.
हैदराबाद में गरबा सेलिब्रेशन के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ है. इस हादसे में 1 छात्र की मौत हो गई जबकि 9 घायल हैं. घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है. यह हादसा रंगा रेड्डी जिले के नदरगुल स्थित एमवीएसआर (MVSR) इंजीनियरिंग कॉलेज में हुआ है. यहां डांडिया सेलिब्रेशन चल रहा था, तभी अचानक एक भारी-भरकम लाइटिंग स्टैंड छात्रों के ऊपर गिरा और मौके पर चीख-पुकार मच गई. इवेंट में शामिल हुए सैकड़ों छात्र इधर-उधर भागते दिखे.
घटना के बाद घायल छात्रों को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक स्टूडेंट की मौत हो गई, जबक 2 की हालत बेहद नाजुक है. मृत छात्रा की पहचान सोना नारायण दास के रूप में हुई है. बताया गया है कि वो कॉलेज में इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) की फर्स्ट ईयर की छात्रा थी.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को कॉलेज में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया था. इसी दौरान लाइटिंग या लिफ्टिंग के लिए लगाया गया एक स्ट्रक्चर तेज हवाओं के चलते गिर गया. हादसे में कई छात्र घायल हो गए. इस इवेंट में लगभग 700 स्टूडेंट शामिल हुए थे.
घायल छात्रों को इलाज के लिए एलबी नगर और आदिबतला के प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. हादसे के तुरंत बाद कॉलेज स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए सभी घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया. इधर, हादसे को लेकर कॉलेज मैनेजमेंट की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. इस घटना के जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन लेने की मांग हो रही है.
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
इस हादसे पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने जान गंवाने वाले छात्र के परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि घायल छात्रों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए. इसके साथ ही उन्होंने अफसरों को सख्त आदेश दिए हैं कि हादसे के लिए जो भी लोग जिम्मेदार हैं, उनकी फौरन पहचान की जाए और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो.
ये भी पढ़ें: सप्तमी पर दुर्गा पूजा पंडाल में उमड़ी थी भीड़... तभी हो गई बारिश, कोलकाता में भगदड़ की ये थी वजह! हेल्पलाइन नंबर जारी