App

'2029 में दुबई चला जाऊंगा...': रेजीनगर में बेटे की हार से टूटे हुमायूं कबीर, सियासी करियर पर किया बड़ा ऐलान

मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण करा रहे हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को रेजीनगर उपचुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है. बेटे की हार से टूटे हुमायूं कबीर ने भारत छोड़कर दुबई जाने का ऐलान किया है. उन्होंने दावा किया है कि 2029 के लोकसभा चुनाव में अधीर रंजन को हराकर दिखाएंगे और फिर भारत छोड़ देंगे.

'2029 में दुबई चला जाऊंगा...': रेजीनगर में बेटे की हार से टूटे हुमायूं कबीर, सियासी करियर पर किया बड़ा ऐलान
Image Credit: AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर (Zee Media)

पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. यहां पर AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. बीजेपी के शंकरावह सरकार ने इस सीट पर 75 वोटों के अंतर से बड़ी जीत हासिल की. करीब 65 फीसदी मुस्लिम वोटर वाली इस सीट पर बीजेपी की इतनी बड़ी जीत ने सभी को हैरान कर दिया है. वहीं, बेटे की हार ने इस सीट के विधायक रह चुके और AJUP प्रमुख हुमायूं कबीर का दिल तोड़ दिया है. हुमायूं कबीर ने अब भारत छोड़कर दुबई में बसने का ऐलान किया है. मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण करा रहे हुमायूं कबीर ने कहा कि अभी उनकी प्राथमिकता मस्जिद का निर्माण पूरा कराना है. उन्होंने ऐलान किया कि 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता अधीर रंजन को हराकर वह भारत छोड़कर दुबई चले जाएंगे.

भारत छोड़ने पर हुमायूं कबीर का यू-टर्न!

इससे पहले उन्होंने बाबरी मस्जिद का निर्माण पूरा होते ही भारत छोड़ देने की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि 6 दिसंबर 2028 तक मस्जिद का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा. उन्होंने दावा किया कि इसी दिन इस मस्जिद में एक साथ 1 लाख मुस्लिम नमाज अदा करेंगे. इसके बाद वह 10 साल का गोल्डन वीजा लेकर दुबई चले जाएंगे. अपने इस ऐलान के कुछ ही घंटो के बाद उन्होंने भारत छोड़ने की तारीख को आगे बढ़ा दिया. अब उन्होंने लोकसभा चुनाव 2029 में अधीर रंजन को हराने के बाद दुबई में बसने की घोषणा की है.

अधीर रंजन पर लगाए गंभीर आरोप

हुमायूं कबीर ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन पर बीजेपी के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वह बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं. रेजीनगर उपचुनाव में बेटे की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की मिलीभगत से उनके बेटे को हराया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुस्लिम समुदाय को वोट नहीं डालने दिया. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें हिरासत में ले लिया गया, ताकि चुनाव को प्रभावित किया जा सके.

रेजीनगर की जीत पर क्या बोले CM शुभेंदु?

उधर, रेजीनगर में मिली जीत के बाद सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम मतदाताओं ने वोट किया. सीएम शुभेंदु ने कहा कि विपक्ष ने मुसलमानों को हमेशा बीजेपी के नाम से डराकर वोट लेने का काम किया. विधानसभा चुनाव के दौरान भी दुष्प्रचार भी किया गया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है, तो मुसलमानों को बांग्लादेश भेज दिया जाएगा, लेकिन पिछले पांच महीनों में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ. जनता ने बीजेपी सरकार के कामकाज को देखा है. यही वजह है कि उपचुनाव में फिर से बीजेपी पर भरोसा जताया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो