UP में 'PDA' नैरेटिव को कैसे ध्वस्त करेगी BJP? संघ के साथ मिलकर बनेगी रणनीति, सोमवार से होने जा रही बड़ी 'चिंतन बैठक'
देश में अगले साल यूपी समेत कई राज्यों में असेंबली चुनाव होने वाले हैं. इसे लेकर आरएसएस और बीजेपी के नेता सोमवार से दो दिवसीय चिंतन बैठक कर अपनी रणनीति बनाने जा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अगले साल होने वाले असेंबली चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो चुकी है. लोकसभा में सबसे ज्यादा सीटें 80 सीटें यूपी से आती हैं. राजनीति में कहा जाता है कि जिसने यूपी जीत लिया, उसके लिए दिल्ली की राह दूर नहीं होती. बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी उत्तर प्रदेश की इस अहमियत को बखूबी समझते हैं. वे इस बात जानते हैं कि 2029 में जीत हासिल करने के लिए यूपी को जीतना बहुत जरूरी है.
इस चुनाव में जीत की रणनीति बनाने के लिए आरएसएस और बीजेपी के शीर्ष नेता सोमवार से दो दिनों के गहन मंथन में जुटने जा रहे हैं. इस 'चिंतन बैठक' का सबसे बड़ा मकसद 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत नैरेटिव और रणनीति तैयार करना है. इस बैठक में दोनों संगठन मिलकर राज्य के विकास, कानून-व्यवस्था और व्यापक प्रचार अभियान की अंतिम रूपरेखा तय करेंगे.
PDA के काट की होगी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष के 'पीडीए' (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के नैरेटिव का मुकाबला करना इस बैठक की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. इसकी काट के लिए बीजेपी और संघ का मुख्य जोर राज्य के सभी सामाजिक वर्गों और जातियों को एक मंच पर लाने का है. इसके लिए सामाजिक समीकरणों को साधने और विभिन्न समुदायों के बीच पैठ गहरी करने की ठोस रणनीति बनाई जाएगी.
बूथ मैनेजमेंट पर बनेगी ठोस रणनीति
बैठक में 'SIR' यानी मतदाता सूची सत्यापन अभियान पर भी विस्तार से चर्चा होगी. हाल के दिनों में जिन मतदाताओं के नाम सूची से कटे हैं या छूट गए हैं, उन्हें दोबारा जोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर लामबंदी की योजना है. खास बात ये है कि बीजेपी के इस 'मतदाता जोड़ो अभियान' में संघ के कार्यकर्ता भी जमीनी स्तर पर अपनी भूमिका निभाएंगे. इसके साथ ही, पूरे राज्य में बूथ स्तर की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा. साथ ही, सरकार और संगठन के बीच तालमेल को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.
टिकट बंटवारे और रैलियों का बनेगा खाका
भविष्य के चुनाव प्रचार को ध्यान में रखते हुए टिकट वितरण के मापदंडों पर भी इस 'चिंतन बैठक' में शुरुआती चर्चा होगी. वरिष्ठ नेताओं को किस तरह चुनावी मैदान में उतारा जाए और सोशल मीडिया के जरिए आम लोगों तक अपनी बात कैसे पहुंचाई जाए, इस पर विचार होगा. इसके अलावा, राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेताओं की भावी रैलियों और कार्यक्रमों का शेड्यूल भी इस दो दिवसीय मंथन में तय किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, परिसीमन समेत कई विधेयक पर होगी चर्चा
इस बैठक के अंतिम दिन यानी 17 तारीख को बीजेपी के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रहेगी. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और संगठन महासचिव बी.एल. संतोष समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे. इस बैठक में आरएसएस लीडर और बीजेपी नेता मिलकर यूपी चुनाव और देश की भावी राजनीति के लिए फाइनल फैसले लिए जाएंगे.