गुजरात पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ महाअभियान: सूरत से 10 गिरफ्तार, जी न्यूज की 'नशा मुक्त भारत' मुहिम को मिला बड़ा समर्थन
गुजरात में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया गया है. सूरत में यह अभियान लॉन्च करते हुए पुलिस ने 10 नशा तस्करों को अरेस्ट किया. पकड़े गए आरोपियों में 2 महिलाएं भी शामिल थीं.
गुजरात के सूरत में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. सूरत पुलिस ने लोकल क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप के साथ मिलकर शहर में संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान एक ही दिन में NDPS एक्ट के तहत 10 मामले दर्ज किए गए. इसके साथ ही ड्रग्स की तस्करी के आरोप में 10 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया.
अरेस्ट किए गए नशा तस्करों में 2 महिलाएं भीं
सूरत (ग्रामीण) क्षेत्र के डिप्टी एसपी अक्षेश इंजीनियर ने बताया कि अरेस्ट किए गए गिरफ्तार किए गए 10 लोगों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं. इन तस्करों को कोसंबा, पालोद, बारडोली, पलसाना और तडकेश्वर जैसे इलाकों से पकड़ा गया. उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान 'स्टैंड स्ट्रॉन्ग अगेंस्ट ड्रग्स' (नशीले पदार्थों के खिलाफ मजबूती से खड़े हों) मुहिम के तहत चलाए जा रहे हैं.
नशे से दूर रहें युवा- डिप्टी एसपी
डिप्टी एसपी ने जनता से अपील की कि वे भी सरकार की इस मुहिम में जुड़ें और अपने आस-पास नशीले पदार्थों की बिक्री में शामिल लोगों की जानकारी दें. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले ऐसे तमाम लोगों के नाम गुप्त रखे जाएंगे और उनकी दी सूचना को वेरिफाई करने के बाद तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और ऐसे लोगों की संगत में आने से बचें, जो इस तरह अपने शरीर को बर्बाद कर रहे हैं.
जी न्यूज ने भी शुरू किया है अभियान
बताते चलें कि नशे के खिलाफ जी न्यूज ने भी राष्ट्रीय स्तर पर नशा मुक्त भारत के नाम से अभियान शुरू किया है. इस सोमवार से शुरू हुए अभियान में जी न्यूज के रिपोर्टर देशभर में स्टिंग ऑपरेशन करके ड्रग्स रैकेट में लोगों की असलियत उजागर कर रहे हैं. साथ ही, नशे के दुष्प्रभावों को दिखाकर युवाओं से इससे बचने के लिए आगाह कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- 'दो बीघा जमीन बिक गई, शरीर बर्बाद हो गया...' ZEE NEWS के स्टिंग ऑपरेशन में बेनकाब हुआ नशे का 'साइलेंट किलर' नेटवर्क
नशा तस्करों के खिलाफ दे सकते हैं जानकारी
आप सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हैशटैग #NashamuktBharat लिखकर Zeenews को टैग कर सकते हैं. इसके साथ ही, आप मोबाइल नंबर 9310497453 पर व्हाटसऐप मैसेज करके अपने आसपास ड्रग्स तस्करी में लगे लोगों की जानकारी दे सकती हैं. आपकी जानकारी पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी और उसे संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाकर कार्रवाई करवाने की कोशिश की जाएगी. जी न्यूज की इस पहल को सोशल मीडिया में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और लोग बढ़-चढ़कर इसमें जानकारियां शेयर कर रहे हैं.