App

2 दिन में 2 हादसेः गांधीनगर के बाद भरूच की दंवा कंपनी में बॉयलर फटने से 5 मजदूरों की मौत

गुजरात के भरूच के वागरा में स्थित सायखा GIDC की SynZeal Pharmachem कंपनी में शुक्रवार (16 अक्टूबर) की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. कंपनी में एक बॉयलर फटने से हुए धमाके में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

2 दिन में 2 हादसेः गांधीनगर के बाद भरूच की दंवा कंपनी में बॉयलर फटने से 5 मजदूरों की मौत
Image Credit: प्रतीकात्मक तस्वीर

गुजरात के भरूच के वागरा में शुक्रवार (16 अक्टूबर) की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. यहां स्थित सायखा GIDC की SynZeal Pharmachem कंपनी में देर रात एक भीषण धमाका हुआ. बताया जा रहा है कि ब्लास्ट इतना जोरदार था कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. इस धमाके में 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं, इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ विभाग की टीम ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस घटना की जांच में जुटी

इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें घायल मजदूरों को एक एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. वहीं, घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिल रहा है. वीडियो में धमाके के कारण मशीनरी के पुर्जे बिखरने हुए नजर आ रहे हैं. घटना क्यों और कैसे हुई, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है. पुलिस इसकी जांच में जुटी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, केमिकल प्लांट के बॉयलर वेसल में दबाव बढ़ने के कारण जोरदार विस्फोट हुआ.

गुरुवार को गांधीनगर में हुआ था हादसा

इससे पहले  गांधीनगर के छत्राल GIDC स्थित कोविका डाइज एंड इंटरमीडिएट केमिकल कंपनी में जोरदार धमाका हुआ था. इस घटना में भी चार मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हुए थे. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. मृतकों में तीन मजदूर झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं. इंस्पेक्टर गढ़वी के अनुसार, दो मजदूर गर्म केमिकल से भरे प्रेशर वेसल में पाइप फिट कर रहे थे. इसी दौरान विस्फोट हुआ, जिसकी वजह से मजदूरों की जान गई. हालांकि, उन्होंने सही कारण जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता चलने की बात कही.

एक के बाद एक घटनाओं ने खड़े किए कई सवाल

गुजरात के अलग-अलग इलाकों में स्थित कंपनियों में बॉयलर फटने की घटनाओं ने राज्य के उद्योग जगत को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है. विशेषज्ञों का कहना है कि उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कई बार कंपनियों में सुरक्षा मानकों का सही से पालन नहीं किया जा रहा है. सुरक्षा उपकरणों, सेफ्टी इंटरलॉक्स और प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी के कारण इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. इस तरह की घटनाओं से प्रशासन भी सवालों के घेर में है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More