केरल के कोच्चि में हुए सड़क हादसे में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. स्कूटर को जोरदार टक्कर मारने वाला 19 साल का सुहैल शराब के नशे में इतना टल्ली था कि उसकी ब्लड रिपोर्ट देख पुलिस भी हैरान है. आरोपी की मेडिकल रिपोर्ट बता रही है कि सुहैल के खून में शराब की मात्रा तय कानूनी सीमा से 5 गुना ज्यादा पाई गई है. यानी वह नशे में पूरी तरह धुत्त होकर गाड़ी दौड़ा रहा था.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे से ठीक पहले आरोपी और उसके दोस्तों ने अलग-अलग बारों में जाकर शराब पी थी. इस दर्दनाक हादसे में एक हैंडीक्राफ्ट शॉप में काम करने वाले तीन मासूम युवाओं की जान चली गई थी.
#WATCH | Kochi, Keralam: Police revisited the Nedumbassery Mini Cooper accident site with the accused to recreate the crime scene. The licences of three hotels were suspended for serving alcohol to the accused. https://t.co/sXyz7zpr8X
— ANI (@ANI) October 15, 2026
एर्नाकुलम के एक सीनियर पुलिस अफ़सर के मुताबिक, भारत में गाड़ी चलाते वक्त खून में शराब की कानूनी लिमिट 100 मिलीलीटर में 30 मिलीग्राम तय है, लेकिन हादसे के तुरंत बाद 11 अक्टूबर को जब सुहैल का ब्लड टेस्ट हुआ, तो उसमें शराब की मात्रा तय सीमा से 5 गुना ज्यादा थी. इससे साफ पता चलता है कि वो बहुत ज्यादा नशे में गाड़ी भगा रहा था.
यह दर्दनाक हादसा 11 अक्टूबर की सुबह-सुबह नेदुम्बसेरी में कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाली सड़क पर हुआ था. जिसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि सुहैल अपनी काली मिनी कूपर कार को तेज रफ्तार में दौड़ा रहा था. तभी एक तीखे मोड़ पर उसका कार से कंट्रोल छूट गया और उसने आगे चल रहे स्कूटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
Kerala, Nedumbassery 🚨⚠️ Drunk 19 year Mini Cooper Driver overspeeding more like a rocket at 1:41am (CCTV), rammed 2 wheeler, 3 Dead… @DriveSmart_IN @dabir @InfraEye https://t.co/bR8gggkcgb
— Dave (Road Safety: City & Highways) (@motordave2) October 12, 2026
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक हवा में उड़ गए. एक्सीडेंट होते ही वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान वायनाड की देविका (21), पलक्कड़ की गोपिका (22) और कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के रहने वाले एजाज (21) के रूप में हुई है. ये तीनों कोच्चि में एक ही हैंडीक्राफ्ट शॉप पर काम करते थे और रात की शिफ्ट के बाद घर लौट रहे थे.
पुलिस जांच में पता चला है कि हादसे से पहले 10 अक्टूबर की शाम और 11 अक्टूबर की रात सुहैल और उसके दोस्तों ने कोच्चि के कई बार में शराब पी थी. इसके बाद वो नेदुम्बसेरी में एयरपोर्ट के पास स्थित एक अन्य बार में दो और दोस्तों से मिले थे, जहां उन्होंने फिर से शराब पी. पुलिस ने इन सभी बार के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं, जिनमें सुहैल और उसके साथी खुलेआम शराब पीते साफ नजर आ रहे हैं.
इस मामले में सुहैल और उसके साथी निनव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है. दोनों की उम्र 18 से 21 साल के बीच होने के चलते उन्हें त्रिक्काकरा स्थित बोरस्टल स्कूल (युवा कैदियों की जेल) में न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. पुलिस ने सुहैल के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.
अंगमाली कोर्ट में पेश की गई रिमांड रिपोर्ट में पुलिस ने आरोपी की जमानत का कड़ा विरोध किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी का परिवार पैसे और रसूख के मामले में बहुत ताकतवर है, इसलिए अगर वह जेल से बाहर आया तो गवाहों को डरा-धमका सकता है और सबूत मिटा सकता है.
जानकारी के अनुसार, जिस मिनी कूपर कार से यह एक्सीडेंट हुआ, वह सुहैल को इसी साल उसके बर्थडे पर उसकी मां नूहा सजीव ने गिफ्ट की थी. आरोपी की मां कोच्चि में एक बड़ा बुटीक चलाती हैं, जिसके बाहर CPI(M) के छात्र संगठन SFI ने जोरदार विरोध प्रदर्शन भी किया. पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करने की तैयारी में है. चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के बाद जब आरोपी सुहैल को पकड़ा था तो उसने कहा था कि उसके पिता सब संभाल लेंगे.