कठुआ में NCB टीम पर फायरिंग से हड़कंप: ड्रग तस्करों को रोकने के लिए लगाया था नाका, एक संदिग्ध दबोचा गया
इस घटना के बाद पुलिस ने फरार संदिग्ध का पता लगाने के लिए पूरे जिले और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है. वाहनों की चेकिंग भी बढ़ा दी गई है.
जम्मू-कश्मीर के कठुआ से बड़ी खबर है. यहां नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम पर फायरिंग हुई है. घटना रविवार शाम की है. बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे-44 पर कलीबारी के पास सहार ब्रिज इलाके में यह घटना हुई. वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. टीम ने एक संदिग्ध को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि गोली चलाने वाला दूसरा आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है.
दरअसल, NCB की टीम को खुफिया इनपुट मिले थे कि संदिग्ध ड्रग तस्कर एक्टिव हैं. इसी आधार पर शाम करीब 4:35 बजे टीम ने नेशनल हाईवे-44 पर सहार ब्रिज के पास एक विशेष नाका लगाया था. तभी वहां से एक संदिग्ध वाहन निकला, जिसे अधिकारियों ने रुकने का इशारा किया. जैसे ही अधिकारी वाहन के पास पहुंचे तो उसमें सवार एक संदिग्ध ने कथित तौर पर NCB की टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकला.
एक संदिग्ध दबोचा गया
इस हमले के बीच भी NCB की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन में मौजूद एक अन्य संदिग्ध को दबोच लिया है. उससे पूछताछ हो रही है. दूसरे आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना कठुआ के एसएचओ (SHO) अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
ड्रग तस्करी के खिलाफ केंद्रीय एजेंसी है NCB
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) देश में ड्रग तस्करी रोकने वाली सबसे बड़ी एजेंसी है, जो केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है. 17 मार्च 1986 को इस एजेंसी की नींव रखी गई थी. यह NDPS एक्ट, 1985 के नियमों को सख्ती से लागू करती है. यह राज्य पुलिस और दूसरी केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाकर नशा तस्करों पर कार्रवाई करती है.
कश्मीर से साहिल केरनी की रिपोर्ट...
ये भी पढ़ें: टोल मांगा, पहचान पूछी... और चली गई 5 की नौकरी! IAS अफसर की कार रोकने पर ‘साहब’ का एक्शन