App

मुंबई में CJP के विरोध प्रदर्शन में बुजुर्ग की मौत, दिल का दौरा पड़ने से हुई घटना, केरल से आकर प्रोटेस्ट में हुए थे शामिल

CJP Mumbai Protest News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से शुक्रवार को मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई. पार्टी ने यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया था.

मुंबई में CJP के विरोध प्रदर्शन में बुजुर्ग की मौत, दिल का दौरा पड़ने से हुई घटना, केरल से आकर प्रोटेस्ट में हुए थे शामिल

CJP Mumbai Protest Elderly Person's Death News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (CEC) के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई. मरने वाले की पहचान ठाणे के रहने वाले गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई (75 वर्ष) के रूप में हुई है. वे मूल रूप से केरल के रहने वाले थे और ठाणे में ठहरे हुए थे. विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वे ठाणे से दादर पहुंचे थे, तभी उनके सीने में दर्द उठा और हार्ट अटैक से मौत हो गई.

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन

बताते चलें कि CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी ने मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था. इस विरोध प्रदर्शन में गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई भी शामिल थे. मूल रूप से केरल के रहने वाले पिल्लई ठाणे में ठहरे हुए थे. प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वे शुक्रवार को दादर पहुंचे और वहां से शिवाजी पार्क गए.

प्रदर्शन के दौरान छाती में अचानक होने लगा दर्द

प्रदर्शन के दौरान शाम 5 बजे उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी और छाती में दर्द होने लगा. उनकी हालत बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की. लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ और वे अचेत हो गए. इसके बाद सभी लोग उन्हें तुरंत पास के एक अस्पताल ले गए. वहां पर डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू कर उन्हें इंजेक्शन लगाए लेकिन दिल का दौरा पड़ने की वजह से उनकी मौत हो गई. 

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गैर-संज्ञेय धाराओं में केस दर्ज कर लिया. साथ ही शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिन्होंने इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी है. हालांकि, पुलिस इस मामले में अपने स्तर पर जांच कर रही है.

स्थानीय लोगों ने सीजेपी का किया विरोध

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के खिलाफ सीजेपी ने इस विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था. प्रदर्शन में CJP के संयोजक अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.

उधर सीजेपी के इस प्रोटेस्ट के विरोध में स्थानीय नागरिकों और अन्य समूहों ने भी शुक्रवार शाम को प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन चुनाव आयोग में सुधार के लिए नहीं बल्कि राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए किया जा रहा है. लोगों ने अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए सीजेपी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More