पंजाब में ED का बड़ा एक्शनः लपेटे में 2 नौकरशाह, मुख्य सचिव के बाद वित्त सचिव को भी समन
भगवंत मान सरकार के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और वित्त विभाग के प्रधान सचिव कृष्ण कुमार को ईडी ने समन जारी किया है. भ्रष्टाचार के मामले में दोनों शीर्ष अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया गया है.
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में ईडी का बड़ा एक्शन देखने को मिला है. प्रवर्तन निदेशालय के लपेटे में राज्य सरकार के दो बड़े अधिकारी आ गए हैं. ईडी ने भगवंत मान सरकार के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और वित्त विभाग के प्रधान सचिव कृष्ण कुमार को समन जारी किया है. दोनों अधिकारियों को 26 नवंबर को जालंधर में स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया है. दोनों अधिकारियों पर सरकारी संरक्षण में कथित तौर पर भ्रष्टाचार करने और सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं. इन्हीं आरोपों में पूछताछ के लिए दोनों अधिकारियों को तलब किया गया है. वहीं, ईडी की इस कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई है.
मान सरकार पर अकाली दल का वार
इस मामले पर शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने AAP सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है. मजीठिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को लूटने का काम किया है. AAP सरकार के मुख्य सचिव पर पंजाब के सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाने के आरोप लगे हैं.
उन्होंने कहा कि ईडी ने भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में पंजाब के मुख्य सचिव अनुग्रह प्रसाद सिन्हा और वित्त विभाग के प्रधान सचिव को समन जारी किया है. अकाली नेता ने कहा कि पंजाब की जनता भ्रष्ट सरकार और उनके अधिकारियों से जवाबदेही चाहती है. 26 नवंबर हिसाब देने का दिन होगा.
भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी सरकार!
चुनावी साल में भगवंत मान की सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घिर चुकी है. पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय पर ट्रांसफर-पोस्टिंग में पैसे लेने, सरकारी टेंडरों को प्रभावित करने, गोपनीय दस्तावेज लीक करने, हथियार लाइसेंस दिलाने में मदद करने के गंभीर आरोप लगे हैं.
पिछले महीने ही पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सीबीआई को इन आरोपों की जांच करने के आदेश दिए थे. कोर्ट ने इस मामले में CBI को दो महीने के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था.
ये भी पढ़ें- पंजाब चुनाव से पहले मान सरकार की बड़ी सौगात, 10 लाख नए राशन कार्ड किए जारी, गरीब परिवारों को मिलेगी राहत