दिलजीत दोसांझ का कंसर्ट था बहाना, महंगे मोबाइल थे निशाना; गोल्ड पास खरीद अहमदाबाद पहुंचे थे ‘चोर’, मंसूबों पर फिर गया पानी
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के AURA इंडिया टूर कॉन्सर्ट में एक ओर हजारों लोग संगीत की मस्ती में डूबे थे, वहीं दूसरी ओर दिल्ली से आया एक गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेबें साफ करते हुए उनके मोबाइल फोन भी गायब करते जा रहा था.
दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट की धूम दुनियाभर में दिखी. एक ओर देशभर से पहुंचे दिलजीत के संगीत के दीवाने थे, दूसरी ओर लाखों लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए उनकी परफॉर्मेंस देख रहे थे. दिलजीत के दीवानों की भीड़ पर दिल्ली के कुछ बदमाशों की बुरी नजर भी थी. इस गैंग के गुर्गे हजारों रुपये खर्च करके गोल्ड पास लेकर नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचे थे. हजारों की भीड़ के बीच इनका फंडा एकदम क्लियर था. ये लोग म्यूजिक कॉन्सर्ट को जिंदगी के अनमोल पल समझकर खुशियों में डूबे लोगों के मोबाइल फोन चुरा कर उन्हें बाहर पहुंचा रहे थे.
11 फोन बरामद
दिलजीत की दमदार आवाज और म्यूजिक लवर्स के शोर के बीच ये लोग 11 लोगों के फोन पर ही हाथ साफ कर पाए थे, तभी इनकी किस्मत ने दगा दे दिया. अहमदाबाद पुलिस ने अपने एक इनपुट पर एक्शन लेते हुए मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया. जिनके पास से 11 महंगे फोन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई गई है. पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों और दूसरी वारदातों की जांच कर रही है.
पुलिस ने खूब पहचाना
दिल्ली से आए जेबकतरे दिलजीत के कॉन्सर्ट में आ चुके हैं. ये खबर मिलते ही एक्टिव हुई पुलिस की टीमों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास अपनी निगरानी का दायरा बढ़ाते हुए संदिग्धों की पड़ताल तेज की. लोकल पुलिस के पास किसी की जेबकतरे की फोटो नहीं थी, इसके बावजूद उन्होंने इन चोरों को हजारों की भीड़ से कुछ इस अंदाज में दबोच लिया जैसे, भूसे के ढेर से कोई सुई खोज लाया हो. कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद जैसे ही फैंस की भीड़ बाहर निकली पुलिस एक्शन मोड में आ गई. संदिग्धों की तलाशी लेने के दौरान दो जेबकतरे पकड़े गए, उनके पास से लाखों का माल बरामद हुआ.
आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय मोहम्मद असद मोहम्मद गुलजार निवासी काला महल, दरियागंज और 24 वर्षीय अशरफ हुसैन नूर हुसैन इदरीशी निवासी चांदबाग, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है.
ये भी पढ़ें- बिन हिजाब गिरी गाज: कौन हैं परस्तू अहमदी? ईरान में सरेआम लगाए गए 74 कोड़े
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज, मामले की जांच जारी
पुलिस ने जो फोन बरामद किए हैं, उनमें iPhone 17 Pro Max, iPhone 16, iPhone 14, Samsung Fold 8 Ultra, OnePlus, Nothing और Redmi के 11 स्मार्टफोन शामिल हैं. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत दर्ज प्रकरणों की भी जांच की जा रही है.
मेले और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेबकतरे पहले लोगों की जेब साफ करते थे, अब बड़ा हाथ मारने के लिए अपराधी तत्व ऐसे कॉन्सर्ट्स को भी निशाना बना रहे हैं.