)
Mumbai Wadala Poisonous Biryani Daughter Death News: महाराष्ट्र के मुंबई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने अपनी दूसरी शादी की इच्छा का विरोध करने पर अपनी 20 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी. उसने पहले चिकन बिरयानी में जहर मिलाकर बेटी को खिलाया. इसके बाद जब बेटी बेसुध हो गई तो उसने गला घोंटकर उसे मार डाला. आरोपी ने सब कुछ प्लान के हिसाब से किया था. लेकिन जब डॉक्टरों ने गले पर निशान देखे तो उन्होंने पुलिस को कॉल कर दिया और इस तरह पूरा भेद सामने आ गया. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के वडाला इलाके में शरीफ रजा हुसैन खान अपनी पत्नी और दो बेटियों रिफत (20 वर्ष) और नुसरत (16 वर्ष) के साथ रहता था. वह बढ़ई का काम करता था. पिछले साल नवंबर 2025 में कैंसर से उसकी बीवी की मौत हो गई. इसके बाद से वह दूसरा निकाह करना चाहता था. लेकिन दोनों बेटियां इसके लिए राजी नहीं थी और विरोध करती थी. खासकर बड़ी बेटी रिफत इस मामले में ज्यादा मुखर थी. वह अपने घर में सौतेली मां को नहीं आने देना चाहती थी.
इसके बाद शरीफ रजा हुसैन खान ने अपनी दोनों बेटियों को रास्ते से हटाने के लिए प्लान बनाया. वह 2 अक्तूबर को घर में चिकन बिरयानी लेकर आया. इसके बाद उसने बिरयानी में जहर मिला दिया. उसे खाने के बाद दोनों बहनें छत पर सोने के लिए चली गईं. लेकिन ज्यादा गर्मी की वजह से छोटी बेटी नुसरत पास में रहने वाली अपनी बुआ गौसिया के यहां सोने चली गई.
रात में जहर के असर से छत पर सो रही रिफत बेसुध हो गई. यह देखकर शरीफ रजा ने गला घोंटकर उसी हत्या कर दी. इसके बाद वारदात को छिपाने के लिए उसने उसे 'फूड पॉइजनिंग' का रूप देने की कोशिश की, जिससे किसी को उस पर शक न हो. योजना के तहत, अगले दिन वह सुबह करीब 5 बजे अपनी बहन गौसिया के घर पहुंचा और कहा कि आज रिफत उठ नहीं रही है और कोई भी हरकत नहीं कर रही है.
इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसकी नब्ज देखकर उसे मृत घोषित कर दिया. लेकिन तभी डॉक्टरों को मृत रिफत के गले पर निशान दिखाई दिए. शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पोस्टमार्टम में बिरयानी में जहर दिए जाने और गला घोंटकर मारे जाने की पुष्टि हो गई. इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी बाप शरीफ रजा हुसैन खान को हिरासत में ले लिया. जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने कहा कि दोनों बेटियां उसका दूसरा निकाह नहीं होने दे रही थी. इसलिए वह उन्हें अपने रास्ते से हटाना चाहता था.