20 नवंबर को जमीन से टकराएगा 'अकवान', आंध्र-ओडिशा ने खाली कराए तटीय इलाके, NDRF तैनात, नौसेना और कोस्ट गार्ड भी अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर बड़ा तूफान तबाही मचाने के लिए तट की ओर आ रहा है. यह 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश समेत तटीय इलाकों से टकरा सकता है. इसकी वजह से भारी से भी भारी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है.
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवातीय तूफान 'अकवान' (Cyclone Akvan) अब श्रेणी में गंभीर रूप में बदल गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान अब उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है. इसके 20 नवंबर तक आंध्र प्रदेश के तट पर टकराने की आशंका है. जिस इलाके में इस चक्रवात के टकराने की आशंका जताई जा रही है, वह नरसपुर और पुरी के बीच आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम का एरिया है.
चक्रवात की वजह से हो सकती है बेहद भारी बारिश
लैंडफॉल के दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तूफानी हवाएं चलने और 110 किमी/घंटा तक के झोंके आने की आशंका जताई गई है. चक्रवात के असर से तटीय इलाकों में भारी से भी बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसे देखते हुए उन इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित इलाकों पर जाने को कहा गया है.
विशाखापट्टनम मौसम विभाग के निदेशक पीएलएन मूर्ति के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान अक्वान फिलहाल पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है. इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और इस महीने की 20 तारीख को दोपहर के आसपास श्रीकाकुलम जिले के करीब से गुजरते हुए नरसपुर और पुरी के बीच तट को पार करने की संभावना है.
लैंडफॉल के समय चल सकती हैं तेज हवाएं
उन्होंने बताया कि चक्रवात के लैंडफॉल के समय हवा की स्पीड 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. आगे चलकर इसकी स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. फिलहाल, हमें इसके एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट को पार करने की उम्मीद है. मछुआरों को अगले तीन दिनों तक, विशेष रूप से 21 तारीख की सुबह तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है. आज और कल के लिए श्रीकाकुलम से बापटला तक अत्यंत भारी से बहुत भारी बारिश की उम्मीद है.
वहीं, चक्रवात से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी की सरकारें भी एक्टिव हो गई हैं. उन्होंने अपने-अपने आपदा प्रबंधन तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने श्रीकाकुलम, बापटला, विशाखापट्टनम और काकीनाडा समेत तटीय जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.
मछुआरों को 21 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह
सरकार ने इन इलाकों में रहने वाले मछुआरों को एडवाइजरी जारी कर 21 नवंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है. साथ ही, तटीय एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करने का काम शुरू कर दिया गया है. इसके लिए अस्थाई चक्रवात राहत शिविर बनाए गए हैं. जहां पर लोगों के रहने, खाने-पीने और शौचालय समेत तमाम इंतजाम किए गए हैं.
ओडिशा सरकार ने भी चक्रवात से निपटने के लिए लगभग 2 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना बनाई है. इसके साथ ही, भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी इलाकों से भी लोगों को शिफ्ट किया जाएगा. सरकार ने बचाव कार्यों के लिए NDRF और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल यानी ODRAF की 74 से ज्यादा टीमों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया है.
भारतीय नौसेना के जवान भी अलर्ट पर
तटीय इलाकों में बचाव और राहत कार्यों के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. साथ ही, मलकानगिरी जैसे तूफान प्रभावित जिलों के स्कूल-कॉलेजों को ऐहतियात के तौर पर 19- 20 नवंबर को बंद करने का आदेश जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें- 'अर्नब' के बाद आ रहा 'अकवन': बंगाल की खाड़ी में फिर गहराया चक्रवात का खतरा, जानें किन तटीय राज्यों में हुआ अलर्ट?
बचाव कार्यों में मदद करने के लिए भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना के विमानों व जहाजों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है. कम्युनिकेशन में किसी रुकावट से निपटने के लिए संवेदनशील जिलों में 17 से ज्यादा सैटेलाइट फोन अधिकारियों को दिए गए हैं.
उधर, चक्रवात अकवन से निपटने के लिए भारतीय रेलवे ने भी कमर कस ली है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों के साथ बैठक करके हालात की 24 घंटे निगरानी के आदेश दिए. उन्होंने अफसरों को रेलवे की संपत्तियों को नुकसान से बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को भी कहा.
रेलवे में बनाए गए स्पेशल वॉर रूम
बैठक के बाद वैष्णव ने बताया कि रेलवे के डिवीजन, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर विशेष वॉर रूम बनाए गए हैं. चक्रवात से जुड़ी हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है. आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी मशीनें, सामान और कर्मचारियों को तैयार रखा गया है. ट्रेन संचालन पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर ट्रेनों को रद्द करने, रास्ता बदलने या समय में बदलाव की तैयारी रखने का भी निर्देश दिया गया है.
रेल मंत्री ने कहा कि रेल मंत्रालय राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ मिलकर काम करेगा. यात्रियों को ट्रेनों से जुड़ी हर जरूरी जानकारी समय पर दी जाएगी. चक्रवात के बाद रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए भी पहले से तैयारी करने को कहा गया है.