'अगर एक इंच भी काली सड़क दिखी तो...', शेषनाग विवाद पर PDP-BJP पर भड़के सीएम उमर अब्दुल्ला, दिया खुला चैलेंज
जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने शेषनाग झील में कथित खुदाई के विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कहा कि यह सब विवाद जानबूझकर सांप्रदायिक तनाव खड़ा करने के लिए किया जा रहा है.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों पार्टियां मिलकर अमरनाथ यात्रा मार्ग पर, शेषनाग झील के पास एक विवाद खड़ा कर रही हैं. ऐसा करके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले मतदाताओं का ध्रुवीकरण किया जा सके.
जम्मू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि वे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने और अवैध सड़क निर्माण के अपने आरोपों को किसी अदालत या नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सामने साबित करके दिखाएं.
'कोई भी शेषनाग में काली सड़क दिखा दे तो...'
अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे इस रास्ते पर बिछाई गई बिटुमेन (तारकोल) की एक इंच परत भी दिखा दें. मैं किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं.'
जमीनी हकीकत स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि शेषनाग झील के पास केवल कुछ मिट्टी हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और उसकी दागी सहयोगी PDP जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही हैं, जिससे जम्मू-कश्मीर में हिंदुओं और मुसलमानों के बीच सांप्रदायिक तनाव पैदा किया जा सके.
'PDP और BJP मिलकर लोगों को कर रहे गुमराह'
अब्दुल्ला ने कहा, 'उत्तर प्रदेश चुनावों को ध्यान में रखते हुए, PDP और BJP मिलकर काम कर रही हैं ताकि एक समुदाय को दूसरे समुदाय के खिलाफ खड़ा किया जा सके और लोगों को गुमराह किया जा सके. अगर उनके दावों में कोई दम है, तो वे अदालत या NGT के पास जाएं. लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि वे मीडिया ट्रायल के जरिए लोगों की भावनाओं से खेलना पसंद करते हैं. हम उन्हें ऐसा करने में सफल नहीं होने देंगे.'
मुख्यमंत्री ने अपनी कार्यशैली का भी बखान किया. उन्होंने कहा कि वे न तो झूठ का सहारा लेते हैं और न ही राजनीतिक फायदे के लिए सच को तोड़-मरोड़ कर पेश करते हैं.
'JKSSB भर्ती परीक्षा में नहीं हुआ कोई पेपर लीक'
हाल ही में हुए JKSSB भर्ती परीक्षा विवाद पर बात करते हुए अब्दुल्ला ने पेपर लीक के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने जोर देकर कहा कि चयन प्रक्रिया की शुचिता पूरी तरह बरकरार है.
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कोई पेपर लीक नहीं हुआ, कोई पेपर चोरी नहीं हुआ और किसी भी अयोग्य उम्मीदवार को नौकरी नहीं मिली है. कुछ उम्मीदवारों ने परीक्षा हॉल से प्रश्न पत्र बाहर ले जाने और वायरलेस उपकरणों का इस्तेमाल करके नकल करने की कोशिश की थी. हालांकि, सतर्क अधिकारियों ने दोषियों को मौके पर ही पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया.'
'नकल रोकने पर तारीफ के बजाय कर रहे आलोचना'
अब्दुल्ला ने इस बात पर निराशा जताई कि नकल की कोशिश को नाकाम करने के लिए जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (JKSSB) की तारीफ करने के बजाय, कुछ आलोचक सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके बोर्ड को गलत तरीके से बदनाम कर रहे हैं. ऐसा करके वे नौकरी के उम्मीदवारों को गुमराह कर रहे हैं.