SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अमृतसर बस हादसे के पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री भगवंत मान, किया मुआवजे का एलान, कहा- दुख की घड़ी में प्रभावितों के साथ खड़े

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को अमृतसर बस हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है. उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजे का एलान किया.

Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 15, 2026, 19:19 IST | Updated: Nov 15, 2026, 19:23 IST
Image Credit: पंजाब के सीएम भगवंत मान ने अमृतसर हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की
Join

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत श्रद्धालुओं को ले जा रही बसों के साथ अमृतसर में हुए भीषण सड़क हादसे के पीड़ितों से आज मुलाकात की. उन्होंने इस दुर्घटना में कीमती जानें जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया. मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हादसे में घायल हुए सभी व्यक्तियों का बेहतर डॉक्टरी इलाज भी सुनिश्चित करेगी.

मुश्किल घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी सरकार- सीएम भगवंत मान

एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, 'आज मैंने नौशहरा पन्नुआं के निकट हुए बस हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं का हाल-चाल जानने के लिए अमृतसर के एक अस्पताल का दौरा किया. प्रभु की कृपा से अधिकतर घायल खतरे से बाहर हैं और उम्मीद है कि वे जल्दी ठीक होकर घर लौटेंगे. मैं इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले पांच व्यक्तियों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. सरकार की ओर से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ मुफ्त डॉक्टरी इलाज मुहैया करवाया जा रहा है. सरकार मुश्किल घड़ी में अपने लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है.'

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस हादसे में 11 व्यक्ति घायल हुए हैं, जबकि चार श्रद्धालुओं और एक मोटरसाइकिल सवार की दुखद मौत हो गई है.

गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, 'यह बहुत ही दुखद घटना है. मैं पीड़ित परिवारों के दुख में शामिल होता हूं और इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा हूं. पंजाब सरकार जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 5 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी. घायलों का सारा डॉक्टरी इलाज मुफ्त मुहैया करवाया जाएगा.'

उन्होंने आगे कहा कि सिविल और पुलिस प्रशासन को पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि वे पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें और घायलों का सबसे बेहतर इलाज सुनिश्चित करें.

अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, 'मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि वह पीड़ित परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने का बल बख्शे और दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में सदा के लिए निवास दे.'

'7 लाख लोग ले चुके 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' का फायदा'

'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के बारे में बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि अमृतसर, खाटू श्याम और मथुरा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए 17,531 से अधिक सफल यात्राएं की गईं. इनके जरिए 7 लाख 2 हजार 203 से अधिक श्रद्धालु इस पहल का लाभ उठा चुके हैं.

उन्होंने कहा, 'इस योजना के तहत हर रोज 70 से अधिक बसें चलती हैं, जिससे रोजाना 3,000 से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा की सुविधा मिलती है. हजारों यात्राएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं और इन यात्राओं के दौरान कभी भी ऐसी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.'

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्षी पार्टियों से इस गहरे दुखांत पर राजनीति न करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण हादसों को राजनीतिक विवाद नहीं बनाना चाहिए.

उन्होंने कहा, 'यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि ऐसा दुखद हादसा हुआ है, लेकिन इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. इस घटना को सरकार की किसी भी कमी से नहीं जोड़ा जाना चाहिए. पंजाब सरकार हर नागरिक की सुरक्षा और भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.'

'हादसों पर रोक के लिए सड़क सुरक्षा फोर्स का गठन'

पंजाब सरकार की सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के योगदान का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस फोर्स ने आपातकाल में तुरंत कार्रवाई और सड़क सुरक्षा उपायों के माध्यम से पूरे प्रांत में सड़क हादसों को कम करने और कीमती जानें बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि पंजाब सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और इस मुश्किल समय में उन्हें हर संभव सहायता मिलना सुनिश्चित करेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES