SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अनादर का मामलाः दिल्ली मेट्रो-पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद करने पर SC में अवमानना याचिका दाखिल

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस की ओर से मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर रोक दी गई है. इसको लेकर अब सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की गई है.

Written By Arvind Singh Edited By K. Raj Mishra
Published: Oct 10, 2026, 09:45 AM IST | Updated: Oct 10, 2026, 10:19 AM IST
Image Credit: सुप्रीम कोर्ट (Zee Media)
Join

SIR के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आज (शनिवार, 10 अक्टूबर) को दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन करने का ऐलान कर रखा है. इसको लेकर दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह से मुस्तैद है. प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों को बंद कर दिया गया है. DMRC की ओर से इसकी जानकारी दी गई है. इसके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर भी रोक है. दिल्ली आने वाले रास्तों पर पुलिस का सख्त पहरा है. राजधानी आने वालों से कड़ी पूछताछ की जा रही है. अब इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की गई है. याचिका में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और DMRC की अध्यक्ष डी. थारा के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की गई है.

यह याचिका वकील शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने दायर की है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का उल्लंघन किया है, जो माननीय अदालत ने 9 अक्टूबर को दिया था. कल सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जानी चाहिए. याचिका में कहा गया है कि दिल्ली में आज भी मेट्रो स्टेशन बंद रखे गए हैं और पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है. जानकारी के मुताबिक, कोर्ट में अभी याचिका सिर्फ दाखिल हुई है. कोर्ट ने अभी इसे सुनवाई के लिस्ट नहीं किया है. 

रेलवे सेवा भी प्रभावित हो रखी

बता दें कि CJP प्रदर्शन के कारण दिल्ली मेट्रो के साथ-साथ रेलवे सेवा भी प्रभावित हुई है. रेलवे ने आज नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों से आने-जाने वाली करीब 170 ट्रेनों को रद्द किया है. इसके अलावा कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया है. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें. इसके लिए रेलवे की नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) का इस्तेमाल किया जा सकता है या फिर हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है.

चिल्ला बॉर्डर पर BSF ने संभाली कमान

दिल्ली और नोएडा के बीच चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. यहां BSF के जवानों को तैनात किया गया है. ड्रोन कैमरों से लगातार पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है और दिल्ली जाने वाले हर वाहन की तलाशी ली जा रही है. भारी फोर्स की मौजूदगी में सिर्फ आपातकालीन सेवाएं, और अन्य कामकाज के लिए दिल्ली जाने वालों को ही आगे जाने दिया जा रहा है.

यूपी के भी कई जिलों में अलर्ट जारी

दिल्ली से सटे हुए यूपी के जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से नोएडा, गाजियाबाद और अन्य सीमावर्ती जिलों में पुलिस की सतर्कता बढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है. नोएडा में कुछ किसान यूनियनों और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उन्हें एहतियातन उनके घरों में नजरबंद कर दिया है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली प्रोटेस्ट LIVE: ध्रुव राठी हिरासत में लिए गए, CJP का सोशल मीडिया पर दावा; दीपके बोले- 'हम किसी से डरने वाले नहीं'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अरविन्द सिंह ज़ी न्यूज़ में सीनियर जर्नलिस्ट हैं. पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव है. वह मुख्यत: सुप्रीम कोर्ट की रिपोर्टिंग करते हैं. इसके अलावा देशभर में कोर्ट से आने वाली बड़ी ख़बरों पर भी उनकी नज़र रहती है. कानून की जटिल, तकनीकी खबरों को सरल अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है, इन्होंने जामिया यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES