)
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार (17 अक्टूबर) शाम से लगातार बारिश हो रही है. बारिश के कारण हालात लगातार बिगड़ रहे हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में यहां तक दावा किया गया है कि रात भर में करीब 35.8 cm बारिश दर्ज की गई है. भारी बारिश के कारण शहर के अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए हैं और गाड़िया डूब चूकी हैं. लगातार बारिश के कारण यातायात और आम जनजीवन बुरी तरीके से प्रभावित हुआ है.
दरअसल, साल 2023 में आए मिचौंग चक्रवात के बाद की सबसे ज्यादा बारिश है. बताया जा रहा है कि उत्तरी चेन्नई में बहुत कम समय में काफी ज्यादा पानी बरसा है. मौसम विभाग ने आगे भी और बारिश होने की चेतावनी जारी की है. भारी बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए नगर निगम ने पानी निकालने का काम तेज कर दिया है.
पिछले कुछ घंटे से बिना रुके हो रही बारिश को देखने को बाद लोगों के मन में सवाल है कि क्या चेन्नई में बादल फटा है. तमिलनाडु के लोक निर्माण मंत्री आधव अर्जुन ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है. इस बारे में जल्द ही अधिकारी बताएंगें, राज्य सरकार में मंत्री आधव अर्जुन ने लोगों से न घबराने की अपील की है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन दिन-रात काम कर रहा है, लोगों की सुरक्षा सरकार के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
तमिलनाडु सरकार में मंत्री आधव अर्जुन ने मीडिय से मुखातिब होते हुए कहा कि पूर्वोत्तर मानसून (नॉर्थईस्ट मानसून) के दौरान आम तौर पर 69 सेमी बारिश होने की उम्मीद होती है. हालांकि, शनिवार शाम 6 बजे से ही कई इलाकों में रिकॉर्ड बारिश हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि इसे बादल फटना माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि होनी बाकी है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर आपको कोई भी दिक्कत या परेशान होती है, तो आप हेल्पलाइन नंबर 1913 पर फोन कर सकते हैं.
इधर, सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि उत्तरी तटीय तमिलनाडु और समुद्र के ऊपर घने बादल बन रहे हैं. इसके साथ ही इस इलाके में एक चक्रवाती सिस्टम भी बना हुआ है. यही कारण है कि मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि इस इलाके में रविवार को भी भारी से अति भारी बारिश हो सकती है. इस कारण लोगों को मुसबितों का सामना करना पड़ सकता है.
बता दें कि 17 अक्टूबर सुबह 8.30 बजे से 18 अक्टूबर सुबह 5.30 बजे यानी करीब 11 घंटों के बारिश का डेटा भी जारी किया गया है. आधिकारिक मौसम केंद्रों के अनुसार, चेन्नई के नंगमबक्कम में 157.8 mm और मीनांबक्कम में 146.7 mm बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा तंजावुर के अदिरामपट्टिनम में 36 mm और डिंडीगल के कोडईकनाल में 32 mm बारिश हुई.
गौरतलब है कि चेन्नई के अलग-अलग इलाकों में हो रही बारिश के बीच मंत्री अर्जुन ने चेन्नई के रोयापुरम जोन में स्थितियों का जायजा लिया. ब्रॉडवे कुरालगम जंक्शन पर पहुंच कर उन्होंने पानी निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उनके साथ ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के कमिश्नर डॉ. जी एस समीरन, संयुक्त आयुक्त (वर्क्स) सी सरवनन समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
चेन्नई या आसपास के जिलों में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखी जा सकती है. ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके. इसके लिए एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है.