App

दाना खाते ही उखड़ गई सांसें! करोड़ों के 'चैंपियन' घोड़ों की पंजाब-हरियाणा में क्यों हो रही मौतें? हाईकोर्ट का सरकार को अल्टीमेटम

पंजाब-हरियाणा में दाना खाकर महंगे घोड़ों की एक-एक करके मौत हो गई. जांच में पता चला कि उस दाने में ऐसे टॉक्सिंस की मात्रा खतरनाक स्तर तक थी, जिसे खाते ही उनके गुर्दे फेल हो गए.

दाना खाते ही उखड़ गई सांसें! करोड़ों के 'चैंपियन' घोड़ों की पंजाब-हरियाणा में क्यों हो रही मौतें? हाईकोर्ट का सरकार को अल्टीमेटम
Image Credit: पंजाब-हरियाणा में घोड़ों की एक-एक हो रही मौत रहस्य बनी हुई हैं (एआई इमेज)

पंजाब और हरियाणा, दोनों पशुपालक राज्य माने जाते हैं. इन पशुपालकों के लिए उनके घोड़े केवल जानवर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह होते हैं. वे इन घोड़ों को अपनी शान का प्रतीक मानते हैं. हालांकि, पिछले कुछ महीनों में कई कीमती और चैंपियन घोड़ों की अचानक हुई मौतों ने मालिकों को तोड़कर रख दिया है. अमृतसर, संगरूर, लुधियाना और हरियाणा के फतेहाबाद में कम से कम 7 नस्ली घोड़ों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. घोड़े मालिक इन मौतों के पीछे लुधियाना की एक निजी कंपनी 'अश्व फीड्स' के दाने को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं.

अचानक बिगड़ी तबीयत और तड़पकर मर गया घोड़ा

घोड़ा मालिकों के अनुसार, उनके स्वस्थ और कीमती घोड़ों को दाना देने के कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. घोड़ों में किडनी फेलियर (गुर्दे की बीमारी) के गंभीर लक्षण देखे गए.

अमृतसर के रोड़ां वाला खुर्द गांव के रहने वाले दविंदर सिंह भी ऐसे ही पीड़ित हैं. वे अपने दो नायाब घोड़ों 'रुद्राक्ष' और 'डॉलर' को पिछले कुछ दिनों में खो चुके हैं. वे कहते हैं कि उनके घोड़े एकदम फिट और बेहद महंगे थे. जब उन्होंने घोड़ों को खाने के लिए दाने दिए, तो उनकी तबीयत एकदम बिगड़ने लगी. घोड़ों में किडनी फेलियर के गंभीर लक्षण देखे गए.

दाने खाने के बाद किडनी ने काम करना कर दिया बंद

दविंदर बताते हैं कि दाने खाने के बाद घोड़ों की किडनी ने कुछ ही दिनों में पूरी तरह काम करना बंद कर दिया था. जब घोड़ों की जांच करवाई गई तो उनका क्रिएटिनिन लेवल सामान्य सीमा 0.5 से 1.4 mg/dL से बढ़कर 10.45 mg/dL तक पहुंच गया था. इसकी वजह से उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वे धीरे-धीरे तड़प-तड़प कर मर गए.

दविंदर सिंह ने सोचा कि शायद घटना उनके घोड़ों के साथ ही हुई है. हालांकि, जब उन्होंने अपने मृत घोड़ों और दाने की बोरी के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले तो वे दंग रह गए. उनके वीडियो को देखकर पंजाब और हरियाणा के दूसरे पीड़ित मालिक भी एक-दूसरे के संपर्क में आए.

संगरूर के मोरनवाली गांव के नरदीप सिंह ने बताया कि उन्होंने 50 लाख रुपये के बहुचर्चित घोड़े 'स्टार' और उसकी 3 महीने की बछड़ी को खो दिया. कुछ इसी तरह की कहानी लुधियाना के डल्ला गांव के अमरिंदर सिंह की भी बताई जा रही है. उनके पास चार बार नेशनल चैंपियन रहा मारवाड़ी घोड़ा 'शान-ए-पंजाब' था. जिसकी भी रहस्यमय तरीके से मौत हो गई थी. हरियाणा के फतेहाबाद में रंजीत सिंह की दो गर्भवती घोड़ियों की भी इसी तरह गुर्दे फेल होने से मौत हो गई.

घोड़ा मालिकों ने जांच रिपोर्ट में टॉक्सिन मिलने का किया दावा

इस तरह के कई मामले सामने आने के बाद घोड़ा मालिकों ने दाने के सैंपल की जांच गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी लुधियाना से करवाई. जांच में दाने के अंदर 'अफ्लाटॉक्सिन' का स्तर 62 पीपीबी यानी पार्ट्स पर बिलियन पाया गया, जबकि इसकी सुरक्षित सीमा 20 पीपीबी या उससे कम होती है. यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों का कहना है कि दाने में अगर टॉक्सिन की मात्रा काफी ज्यादा हो तो वह जानवरों के लिवर, इम्यून सिस्टम और अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है.

वहीं, इन सब आरोपों के बारे में पूछे जाने पर 'अश्व फीड्स' के मालिक सिद्धार्थ प्रताप बेक्टर ने बेबुनियाद बताते हुए खारिज किया है. उनका कहना है कि फैक्ट्री में सभी मानकों का पालन किया जाता है. सिद्धार्थ प्रताप बेक्टर का कहना है कि हो सकता है कि फैक्ट्री से बाहर जाने के बाद दाना रास्ते में किसी अन्य वजह से खराब हुआ हो सकता है. उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी जांच में पूरा सहयोग करने को तैयार है.

पीड़ित घोड़ा मालिकों ने अपनाया हाईकोर्ट का दरवाजा

कंपनी मालिक के इस जवाब के बाद पीड़ित घोड़ा मालिकों ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. पीड़ितों की याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस त्रिभुवन दहिया की बेंच ने पंजाब के पशुपालन विभाग को निर्देश जारी किया है. कोर्ट ने विभाग के निदेशक को सख्त लहजे में आदेश दिया है कि वे घोड़ा मालिकों की शिकायतों पर जांच करके दो महीने के भीतर विस्तृत आदेश जारी करें. अदालत ने चेतावनी दी है कि अगर अधिकारी समय पर फैसला नहीं लेते हैं, तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा.

बताते चलें कि मारवाड़ी और नुकरा नस्ल के इन घोड़ों की कीमत करोड़ों रुपये में होती है. ऐसे में पंजाब-हरियाणा में घोड़े के शौकीन किसानों को भारी आर्थिक नुकसान के साथ ही आत्मीय नुकसान भी झेलना पड़ा है. उनका कहना है कि इंसाफ पाने के लिए वे इस कानूनी जंग को पूरी ताकत से लड़ेंगे, जिससे किसी और व्यक्ति के साथ इस तरह की धोखेबाजी न हो सके. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More