SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कैप्टन मच्छार का सम्मान: जब इजरायली रो पड़े! भारतीय पायलट की 'जांबाजी' पर मशहूर इंडियन शेफ की कहानी

इजरायल में भारतीय मूल की मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रीना पुष्कर्णा ने बताया कि इजरायली नागरिक जब भी किसी भारतीय को देखते हैं, तो उन्हें झुककर आभार जताते हैं और 'कैप्टन मच्छार' को थैंक यू बोलते हैं. उन्होंने बताया कि कैप्टन मच्छार जब इजरायल आएंगे, तो उन्हें यहां सम्मानित किया जाएगा.

Edited By K. Raj Mishra
Published: Oct 29, 2026, 02:15 PM IST | Updated: Oct 29, 2026, 03:39 PM IST
Image Credit: भारतीय पायलट की 'जाबांजी' पर मशहूर इंडियन शेफ की कहानी (Photo- IANS)
Join

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनके साहस के लिए UAE के सर्वोच्च सम्मान 'ऑर्डर ऑफ जायद II' से सम्मानित किया गया है. यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने बुधवार (28 अक्टूबर) को कैप्टन मच्छार को यह अवॉर्ड दिया. बता दें कि कैप्टन मच्छार ने 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट में अपनी जान की परवाह किए बिना सैकड़ों इजरायली नागरिकों की जान बचाई थी. उनकी बहादुरी को इजरायली नागरिक आज भी याद करते हैं और भावुक हो जाते हैं. इजरायल में तंदूरी रेस्त्रां को संचालित करने वाली मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रीना पुष्कर्णा ने इसका खुलासा किया. आईएएनएस से खास बातचीत में शेफ रीना पुष्कर्णा ने कहा कि जब से कैप्टन मच्छार ने इजरायली नागरिकों की जान बचाई है, तब से इजरायल में भारतीयों को विशेष सम्मान मिलने लगा है.

इजरायल में बढ़ी भारतीयों की इज्जत

उन्होंने बताया कि इजरायली नागरिक जब भी किसी भारतीय को देखते हैं, तो उन्हें झुककर आभार जताते हैं और 'कैप्टन मच्छार' को थैंक यू बोलते हैं. उन्होंने कहा कि इजरायली नागरिकों से इतना सम्मान मिलने पर मैंने भी उनके लिए एक अच्छी डिश बनाई. रीना पुष्कर्णा ने बताया कि जब उन्होंने इजरायली नागरिकों के लिए कड़ा प्रसाद तैयार किया और उन्हें परोसा, तो वे काफी भावुक हो गए. वहां मौजूद कई महिलाएं रो पड़ी थीं. इजरायली महिलाओं ने उनसे पूछा कि क्या 'कड़ा प्रसाद' वास्तव में भारत के धार्मिक स्थलों में परोसा जाता है और क्या यह सच में उनके रिटर्न गिफ्ट के तौर पर परोसा जा रहा है?

कैप्टन मच्छार की मेजबानी का मिला जिम्मा

रीना ने इस दौरान इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू से हुई टेलीफोनिक बातचीत का भी खुलासा किया. रीना ने बताया कि मेरे पास मैडम (सारा नेतन्याहू) का फोन कॉल आया था और उन्होंने कहा था कि कैप्टन मच्छार जब इजरायल आएंगे, तो उन्हें यहां सम्मानित किया जाएगा. सारा नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार के स्वागत पार्टी का जिम्मा भी रीना को सौंपा है. इसका खुलासा भी रीना ने ही किया. उन्होंने बताया कि चूंकि कैप्टन मच्छार शाकाहारी हैं, इसलिए मैडम की ओर से उनकी मेहमाननवाजी की जिम्मेदारी उन्हें ही सौंपी गई है. उन्होंने बताया कि मैं और मेरी टीम ही उनके लिए भोजन तैयार करेगी.

कैप्टन मच्छार ने बचाईं थीं सैकड़ों जानें

बता दें कि भारतीय पायलट स्मित मच्छार ने 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई फ्लाइट को क्रैश होने से बचाया था. फ्लाइट के को-पायलट ने ही उन पर जानलेवा हमला कर दिया था, फिर भी उन्होंने जान पर खेलकर इजरायली लोगों को बचाया था. इसके बाद इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भारतीय पायलट कैप्टन मच्छार को देश के सर्वोच्च नागरिक वीरता सम्मान 'प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज्म' से सम्मानित करने की घोषणा की थी.

रिपोर्ट- आईएएनएस

ये भी पढ़ें- घाव गहरा, फिर भी हौसला बुलंद: फ्लाईदुबई के 'हीरो पायलट' स्मित मच्छार के सिर पर दिखे टांके ही टांके, चोट के बाद पहली तस्वीर आई सामने

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES