मुंबई में मेयर के दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल आते ही मचा हड़कंप, दौड़ी पुलिस
एक बार फिर मुंबई मेयर दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि मेल के जरिए कार्यालय को उड़ाने की बात कही है. मौके पर पुलिस और अन्य टीमें मौजूद हैं.
मुंबई मेयर के दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बताया जा रहा है कि मेयर कार्यालय को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसके बाद मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है.
मुंबई पुलिस के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और बम स्क्वॉड के जवानों को मेयर कार्यालय भेजा गया. सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. एहतियात के तौर पर परिसर की तलाशी ली जा रही है.
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है, जब मेयर दफ्तर को इस तरह की धमकी मिली हो. इससे पहले भी कई बार इस तरह के मेल आ चुके हैं. 7 अगस्त 2026 को भी मेयर कार्यालय को धमकी मिली थी. इसमें मुंबई मेट्रो, स्कूलों और BSE का भी जिक्र था. इसके बाद 23 अक्टूबर 2026 को मेयर कार्यालय के अलावा अमिताभ बच्चन के घर 'जलसा', कुछ स्कूलों और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी मिली.
खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे नामों का जिक्र
23 अक्तूबर को आने वाली धमकी में 3 बजकर 11 मिनट पर धमकी की चेतावनी दी गई थी. इसके अलावा स्कूलों पर ग्रेनेड हमले का जिक्र था. साथ ही अमिताभ बच्चन और 27 नवंबर को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमले की बात कही गई थी. ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे नामों का भी उल्लेख था.
बुलेट प्रूफ शीशे के पीछे आए अमिताभ बच्चन
धमकी मिलने के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने रूटीन में भी बदलाव किया है. हर हफ्ते रविवार को अपने घर के बाहर मौजूद अपने फैंस को अभिवादन करने आते हैं. यह परंपरा कई वर्षों से जारी है, लेकिन धमकी मिलने के बाद इसमें कुछ बदलाव हुआ है. नवंबर की पहली रविवार एक तारीख को अपने प्रशंसकों से मिलने आए अमिताभ बच्चन और फैंस के बीच एक बुलेट प्रूफ शीशे की मौजूदगी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. इस दौरान उनके साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे. हालांकि, इसके बाद 8 नवंबर को दिवाली के मौके पर वह बिना बुलेटप्रूफ शीशे के प्रशंसकों से मिले थे.