कितनी हुई कमाई, BJP की चुनावी रिपोर्ट आई, 5 राज्यों के इलेक्शन में कहां कितना हुआ खर्च?
बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरलम चुनाव के दौरान बीजेपी को कितने पैसे मिले. कितने उम्मीदवारों और प्रचार पर खर्च हुए, इसकी पूरी जानकारी सामने आई है.
Bengal Election BJP Expenditure: बंगाल, असम, केरलम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के आखिरी चरण के दौरान बीजेपी के सेंट्रल पार्टी हेडक्वॉर्टर्स को कुल 1,472.8 करोड़ रुपये मिले. चुनाव आयोग को असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए सौंपे गए पार्टी के चुनावी खर्च के ब्योरे में यह बात सामने आई. 6 मई, 2026 को चुनाव खत्म होने पर पार्टी का क्लोजिंग बैलेंस बढ़कर 7,627.2 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 15 मार्च, 2026 को यह 6,722.6 करोड़ रुपये था.
160 करोड़ रुपये हुए खर्च
पार्टी और बीजेपी के सेंट्रल हेडक्वॉर्टर्स, राज्य और जिला यूनिट्स ने असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 160 करोड़ रुपये खर्च किए. बीजेपी ने सबसे ज्यादा खर्च असम में (96.3 करोड़ रुपये) किया, इसके बाद तमिलनाडु (51.6 करोड़ रुपये) और पुडुचेरी (11.9 करोड़ रुपये) का नंबर आता है. पार्टी के आम प्रचार पर लगभग 130.4 करोड़ रुपये खर्च किए गए, वहीं, 29.6 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को एकमुश्त भुगतान और उनके आपराधिक बैकग्राउंड के बारे में जनता को बताने में खर्च किए गए. केरल और बंगाल में कितना चुनावी खर्च आया, इसकी जानकारी फिलहाल चुनाव आयोग ने सार्वजनिक नहीं की है.
बीजेपी के चुनावी खर्च के मुताबिक, असम में पार्टी ने 76.7 करोड़ रुपये पार्टी के प्रचार में खर्च किया है. इसमें 23.1 करोड़ रुपये सेंट्रल यूनिट और बाकी 19.5 करोड़ रुपये उम्मीदवारों पर खर्च हुए.
स्टार कैंपेनर्स के आने-जाने पर 27.3 करोड़
वहीं, 27.3 करोड़ रुपये स्टार कैंपेनर्स के आने-जाने, 37 करोड़ विज्ञापनों, 8.9 करोड़ रुपये पब्लिसिटी मटेरियल और 2.3 करोड़ रुपये प्रदेश बीजेपी ने खर्च किए. 19.4 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को दिए गए. जबकि 16.7 लाख रुपये आपराधिक बैकग्राउंड वाले उम्मीदवारों के बारे में छपवाने पर खर्च किया गया.
उम्मीदवारों पर खर्च हुए 7 करोड़
वहीं तमिलनाडु में प्रचार के लिए बीजेपी ने 44.5 करोड़ रुपये खर्च किए. जबकि 7 करोड़ रुपये उम्मीदवारों पर खर्च हुए. इन्हीं चुनावों के लिए पहले जारी किए गए अपने खर्च के ब्योरे में, कांग्रेस ने कुल 248.6 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही थी. बता दें कि बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव हुए थे, जिसके 4 मई को घोषित हुए थे. बीजेपी ने सत्ताधारी टीएमसी को हराकर राज्य में पहली बार सरकार बनाई है. हाल ही में चुनाव आयोग ने रेजीनगर और नंदीग्राम सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव कराने का ऐलान किया है.